नो एंट्री : भारी वाहन पास, आदेश फेल
रामपुर। डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ के आदेश पर स्वार में दिन में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया था, लेकिन नो एंट्री का यह आदेश 15 दिन में ही दम तोड़ गया। स्थानीय पुलिस-प्रशासन की अनदेखी के चलते दिनभर धड़ल्ले से भारी वाहनों का आवागमन हो रहा है। सुबह के समय जब सड़क किनारे स्कूली बच्चे वाहनों का इंतेजार करते हैं तब खनन लदे भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा होने की संभावना रहती है। रामपुर-बाजपुर राजमार्ग पर रेत से लदे डंपरों का आवागमन बढ़ने से लगातार हादसे हो रहे थे। इसे देखते हुए डीएम ने नगर में दिन में भारी वाहनों की नो एंट्री लागू करने के आदेश दिए थे। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आदेश लागू कराया था। इसके तहत भारी वाहनों पर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक नगर में प्रवेश करने पर रोक लगा दी गई थी।
एक सप्ताह तक प्रशासन ने सख्ती की और दो सौ से अधिक भारी वाहनों का चालान भी किया गया, लेकिन इसके बाद प्रशासन ने सुस्ती बरतनी शुरू कर दी। इसके चलते फिर से भारी वाहन नो एंट्री के समय में भी तेज रफ्तार में नगर के अंदर से गुजर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग ने तो नो एंट्री बोर्ड एवं रिफ्लेक्टर तक भी नहीं लगवाया। ऐसे में सुबह के समय स्कूली बच्चों के लिए बड़ा खतरा बना रहता है।
नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर सुबह छह बजे से रात दस बजे तक प्रतिबंध लगा हुआ है। नो एंट्री के उल्लंघन की जानकारी मिली है। इसके लिए पुलिस और प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। अभियान चलाकर नो एंट्री के समय में नगर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी। – अवनीश कुमार, एसडीएम स्वार