Rampur News: धान खरीद पिछड़ी, तीन एजेंसियों के जिला प्रबंधक को नोटिस
रामपुर। जिले में सरकारी धान की खरीद पिछड़ती हुई नजर आ रही है। एक अक्तूबर से शुरू हुई धान की खरीद में अब तक 46838 टन धान खरीदा जा चुका है। जिले को 2.98 लाख टन धान की खरीद का लक्ष्य मिला है। खरीद कम होने पर पीसीएफ, यूपीएसएस और पीसीयू के जिला प्रबंधक को नोटिस जारी किए गए हैं।
जिले में 136 क्रय केंद्रों पर धान खरीद चल रही है। एमएसपी 2183 रुपये के हिसाब से किसानों का धान खरीद किया जा रहा है। 50 दिनों में खरीद का आंकड़ा लक्ष्य के हिसाब से 20 फीसदी भी नहीं पहुंचा है। देखा जाए तो सरकारी खरीद पिछड़ती हुई नजर आ रही है। वहीं निजी आढ़त पर बिचौलियों के माध्यम से धान खूब खरीदा गया है।
खाद्य एवं विपणन विभाग लक्ष्य की पूर्ति के लिए जुटा हुआ है। धान खरीद में पिछड़ने पर पीसीएफ, यूपीएसएस और पीसीयू के जिला प्रबंधक को नोटिस जारी किए गए हैं। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी कौशल देव ने बताया नोटिस जारी कर धान खरीद में तेजी लाने के निर्देश एजेंसियों के जिला प्रबंधक को दिए गए हैं।
109 वाहनों पर लग चुका जीपीएस
केंद्रों से धान उठान में कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए वाहनों में जीपीएस लगाया जा रहा है। जिले में 109 वाहनों पर जीपीएस लग चुके हैं। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने बताया जीपीएस लगे वाहनों से ही केंद्रों से धान का उठान किया जा रहा है।