Budaun News: राशन की दुकानें कहलाएंगी अब अन्नपूर्णा स्टोर

कारदचौक में खुली अन्नपूर्णा की दुकान। संवाद
बदायूं। कोटेदार के बदलने पर भी अब राशन की दुकान वहीं रहेगी, जहां अभी तक थी। राशन की दुकान अब पर अन्नपूर्णा स्टोर के नाम से जानी जाएगी और वह स्थायी रहेगी। ऐसे में कोटेदार बदलने पर ग्रामीणों को राशन लेने के लिए दूसरी जगह भटकने की जरूरत नहीं होगी। यहां पर सीसीटीवी की निगरानी में राशन का वितरण किया जाएगा, जिससे घटतौली पर भी अंकुश लग सकेगा।
शासन के निर्देश है कि जिले के प्रत्येक ब्लॉक में पांच-पांच अन्नपूर्णा स्टोर बनाए जाएं। ऐसे में जिले में 75 अन्नपूर्णा स्टोर बनाए जाने हैं। इसमें पहले चरण में 15 और दूसरे चरण में 60 अन्नपूर्णा स्टोर बनने हैं। इसमें पहले चरण की 15 दुकानें लगभग पूरी हो गई है, साथ ही दूसरे चरण में 60 दुकानों में से 33 पर काम चल रहा है, जिसे पूरा होने में अभी समय लगेगा। 27 स्टोर बनाने के लिए अभी जगह का चयन नहीं हो पाया है।
दरअसल, इन स्टोर को बनाने के पीछे शासन की मंशा है कि अभी तक कोटेदार द्वारा निजी जगहों पर राशन का वितरण किया जाता है। ऐसे में कोटेदार के बदलने के साथ ही जगह का भी बदलाव हो जाता है। इससे राशन कार्ड धारकों को दिक्कत होती है, लेकिन अन्नपूर्णा स्टोर बनने के बाद में ऐसा नहीं होगा। कोटेदार बदलते रहेंगे, लेकिन राशन वितरण स्टोर में ही होगा। इसके अलावा यहां सीसीटीवी भी लगाए जाएंगे। इससे घटतौली, झगड़े आदि में कमी आएगी।
इन जगहों पर बनाए गए अन्नपूर्णा स्टोर
ब्लॉक सहसवान के गांव डकारा पुख्ता, ब्लॉक दहगवां के नदायल, ब्लॉक आसफपुर के आसफपुर फकावली, ब्लॉक बिसौली के नूरपुर नागपुर, ब्लॉक इस्लामनगर के चंदोई, ब्लॉक वजीरगंज के हतरा, ब्लॉक अंबियापुर के बांस बरोलिया, सदर तहसील के शेखूपुर, ब्लॉक जगत के जगत, ब्लॉक सालारपुर के बिनावर, ब्लॉक कादरचौक के ककोड़ा, ब्लॉक दातागंज के बसेला, ब्लॉक समरेर के कमां, ब्लॉक उसावां के रिजोला, ब्लॉक म्याऊ के जमालपुर में स्टोर बनाए गए हैं।
कोटेदार बढ़ा सकते हैं आमदनी
55 वर्ग गज में एक स्टोर बनाया जा रहा है। इसमें राशन वितरण के अलावा आने वाले कार्ड धारकों को बैठने के लिए जगह, पेयजल आदि की भी व्यवस्था रहेगी। कोटेदार चाहते हैं तो वह वहां पर सीएससी संचालित कर सकता है। इसके अलावा छोटू सिलिंडर की बिक्री भी कर सकता है। यहां तक की कोटेदार किराना की दुकान भी अपनी आय बढ़ने के लिए चला सकता है।
वर्जन
कुछ दुकान लगभग पूरी हो गई हैं। उनको जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा, जिसके बाद राशन कार्ड धारकों को एक निश्चित जगह पर हमेशा राशन मिला करेगा। अन्य सुविधाएं भी वे वहां पा सकते हैं। -रमन मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी