Bareilly News: दरवाजे से तीन साल के बच्चे को किया अगवा, एक आरोपी गिरफ्तार
बरेली। किला थाना क्षेत्र में घर के दरवाजे पर बैठे तीन साल के बच्चे को उठाकर दो लोग भागने लगे। मोहल्ले के लोगों ने इनमें से एक आरोपी को पकड़कर पिटाई कर दी और बच्चे को छीन लिया। पुलिस उसे थाने ले आई। बच्चे के पिता ने आरोपियों पर रिपोर्ट कराई है। एक आरोपी फरार हो गया।
हुसैन बाग निवासी शकरुद्दीन ने बताया कि उनका तीन साल का बेटा सुभान शनिवार सुबह घर के दरवाजे पर खेल रहा था। तभी दो संदिग्ध लोग आए। उनमें से एक ने सुभान को गोद में उठाकर जैकेट में छिपा लिया। यह देख पड़ोसन रजिया ने शोर मचाया तो सुभान के परिजन व पड़ोसी आ गए। तब आरोपी ने बच्चा अपने साथी को दे दिया और फरार हो गया। लोगों ने उस शख्स को पकड़कर पीट दिया, जिसके पास बच्चा था। आरोपी ने अपना नाम बाकरगंज खड्ड निवासी आजम अंसारी बताया। पुलिस उसे थाने ले आई। शकरुद्दीन की ओर से आजम व उसके अन्य साथी के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट कराई गई है। मासूम सुभान घटना के वक्त रोने लगा था जो मां की गोद में पहुंचकर ही शांत हुआ।
आजम से पुलिस ने पूछताछ की तो वह नशे की हालत में मिला। वह बार-बार अपने बयान बदल रहा था। उसने बताया कि वह फर्नीचर का कारीगर है। केरल में फर्नीचर की दुकान पर काम करता था। नशे में काफी पैसा खर्च हो जाने के बाद वह परेशान होकर घर लौट आया। किला श्मशान भूमि के पास रहने वाली महिला ने उससे 20 हजार रुपये में बच्चा खरीदने का सौदा किया था। उसने और उसके साथी ने पहले ही एडवांस में दो हजार रुपये ले लिए थे। शनिवार को बच्चा उठाने का प्लान बनाया था। काफी प्रयास के बाद भी वह अपने साथी का नाम नहीं बता सका। इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की बातों पर फिलहाल ज्यादा भरोसा नहीं कर सकते। नशा उतरने के बाद इससे पूछताछ की जाएगी।


