Pilibhit News: सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गोमती महोत्सव शुरू

सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते स्कूली बच्चे । संवाद
कलीनगर। गोमती उद्गम स्थल पर सात दिवसीय भव्य गोमती महोत्सव का शनिवार को आगाज हुआ। पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और अफसरों के साथ दीप जलाकर महोत्सव का शुभारंभ किया। इसके बाद स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में सुंदर प्रस्तुति पेश कर सबका मन मोह लिया। देर शाम को राधे राधे कार्यक्रम हुआ।
गोमती उद्गम स्थल पर पूर्व की तरह शनिवार को शरद कालीन गोमती महोत्सव की ट्रस्ट के पदाधिकारियों की ओर से भव्य तैयारियां की गई हैं। सात दिवसीय महोत्सव के आयोजन अवसर पर पहले दिन क्षेत्र के दस से अधिक स्कूलों के बच्चों ने रंगोली प्रतियोगिता में भाग लिया। सुंदर रंगोली से उद्गम स्थल परिसर की सुंदरता देखने लायक थी। इसके बाद बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी भाग लिया। बांग्ला नृत्य की प्रस्तुति ने श्रोताओं का दिल जीत लिया।
विधायक बाबूराम पासवान, पूर्व मंत्री विनोद तिवारी ने गोमती महोत्सव के आयोजन से गोमती नदी और उद्गम स्थल की रौनक बढ़ने की बात कही। एडीएम राम कुमार गौतम ने भी ट्रस्ट के पदाधिकारियों की सराहना की। इस दौरान महोत्सव को लेकर बेहतर योगदान देने वाले पदाधिकारियों और संभ्रांत व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। देर शाम आरती के बाद राधे राधे कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। एसडीएम आशुतोष गुप्ता ने बताया कि रविवार से प्रतियोगिता के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात को रामायण मंचन का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पूरनपुर चेयरमैन शैलेन्द्र गुप्ता, अशोक खंडेलवाल, हंसराज गुलाटी, दीपिका चतुर्वेदी, निर्भय सिंह, राममूर्ति सिंह, बीडीओ अरुण सिंह, नायब तहसीलदार अक्षय यादव आदि मौजूद रहे।