Pilibhit News: ब्रह्मचारी घाट पर पुल तैयार, आज लगेगी देवहा में आस्था की डुबकी

शहर के ब्रहमचारी घाट पर बनाये जा रहे अस्थायी पुल का निरीक्षण करते एसडीएम । संवाद
पीलीभीत। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान को लेकर देवहा नदी के ब्रह्मचारी घाट पर अस्थायी पुल बनकर तैयार हो गया है। पुल से ही नदी के दोनों ओर श्रद्धालुओं की आवाजाही हो सकेगी। एसडीएम सदर ने मौके पर जाकर इसका निरीक्षण किया। पालिका कर्मियों को अन्य व्यवस्थाएं भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
ब्रह्मचारी घाट पर कार्तिक पूर्णिमा पर देवहा नदी में स्नान करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं। इसको देखते हुए जिला पंचायत की ओर से नदी पर 40 मीटर लंबा अस्थायी पुल का निर्माण कराया गया है। वहीं नगर पालिका की ओर से गहराई को देखते हुए नदी के किनारे बैरिकेडिंग कराकर लाल झंडियां भी लगाई गईं हैं। ताकी लोग गहराई वाली जगह में न जाएं। पुल के पार नगर पालिका की ओर से टेंट की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही साथ महिलाओं के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम भी बनवाए गए हैं।
वहीं रविवार को नगर पालिका की टीम आयुर्वेदिक कॉलेज चौराहे से ब्रह्मचारी घाट तक सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने में लगी रही। वहीं सीओ सिटी एवं कोतवाली इंस्पेक्टर ने मेला परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। घाट के पास मेले को लेकर रविवार से ही दुकानें लगना शुरू हो गईं। एसडीएम सदर देवेंद्र सिंह ने घाट पर पहुंचकर कार्यों का जायजा लिया। पुल को अंतिम रूप दिया जा रहा था। उन्होंने तेजी के साथ काम पूरा करने के लिए कहा। नगर पालिका की टीम को भी दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया पुल तैयार हो गया है। सुरक्षा को लेकर भी इंतजाम किए गए हैं।
कार्तिक पूर्णिमा का स्नान और देव दीपावली आज
परमठ मंदिर के महंत ओमकार नाथ ने बताया कि विभिन्न पंचांगों के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा सोमवार को ही है। इसी दिन देव दीपावली एवं कार्तिक पूर्णिमा का स्नान होगा। उनके अनुसार इस दिन सुबह के समय स्नान एवं शाम के समय मंदिरों एवं नदी के किनारे दीपदान किया जाता है। धार्मिक शास्त्रों के अनुसार- इस दिन दीपदान करने से पूरे वर्ष शुभ फल मिलता है।