Pilibhit News: आत्महत्या को उकसाने के मामले में पत्नी समेत पांच पर रिपोर्ट दर्ज
पीलीभीत। बरेली के लैब टेक्नीशियन ने बुधवार को ससुराल में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। सूचना पर पहुंचे परिजन ने पत्नी, सास व अन्य लोगों के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पत्नी सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बरेली के मोहल्ला सनराइज कॉलोनी के फेज तीन में रह रही किरन सक्सेना ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र हरिओम का विवाह आठ वर्ष पूर्व कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला एकता नगर कॉलोनी की रहने वाली आकृति सक्सेना पुत्री वीरेंद्र कुमार के साथ हुआ था। आकृति विवाह के बाद से ही अपने बहनोई मुकेश के कहने पर परिवार में सबको परेशान करती थी।
आरोप है कि आकृति, उसकी मां प्रमोदिनी देवी और मोहल्ले का ही रहने वाला वीरेंद्र कुमार हरिओम पर परिवार से अलग होकर पीलीभीत में ही रहने का दबाव बनाते हुए उसका मानसिक उत्पीड़न कर रहे थे। बहू अधिकांश समय अपने मायके में ही रहती थी। 20 नवंबर को उसका पुत्र ससुराल आया था। इसके बाद 22 नवंबर को बहू ने फोन कर बताया कि हरिओम ने आत्महत्या कर ली है। इसके बाद उसने मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को देकर आकृति सक्सेना, प्रमोदिनी देवी, वीरेंद्र कुमार सक्सेना, मुकेश कुमार, अवनीश सक्सेना उर्फ पिंकू के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।