बदायूं

Budaun News: मासूम बेटे की मौत से टूट गई मां… पति से सुलह कर लौट गई ससुराल

Connect News 24

उझानी (बदायूं)। पति-पत्नी के बीच कलह का दंश अमूमन बच्चों को ही झेलना होता है। अक्सर ऐसी अनहोनी भी हो जाती हैं जो ताउम्र भुलाई नहीं जातीं। ऐसा ही कुछ लालता प्रसाद और धर्मवती के साथ हुआ। पति से झगड़ा होने पर धर्मवती दो साल के मासूम बेटे निशांत समेत अपने तीन बच्चों को लेकर मायके आ गई। शनिवार को मायके में नलकूप के हौद में गिरने से निशांत की मौत हो गई।

लाडले की मौत की खबर मिली तो लालता प्रसाद तुरंत बाइक से ससुराल आ गए। उनके परिवार के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से आ रहे थे। रास्ते में एक्सल टूट जाने से ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में जा गिरी। इस हादसे में लालता प्रसाद के परिवार की महिलाओं समेत 12 लोग घायल हो गए। मासूम बेटे की मौत से गमजदा लालता प्रसाद और धर्मवती को जब हादसे की खबर मिली तो दोनों को अपने किए पर पछतावा होने लगा। रिश्तेदारों ने पहल की लालता प्रसाद और धर्मवती ने सारे गिले-शिकवे भुलाकर सुलह कर ली। धर्मवती पति के साथ ससुराल चली गई, लेकिन लाडला निशांत सदा के लिए बिछड़ गया।

कोतवाली क्षेत्र के गांव अथइया निवासी दुर्वेश और सत्येंद्र बहन धर्मवती को उसके तीन बच्चों के साथ करीब चार महीना पहले ससुराल से बुला लाए थे। धर्मवती को उनका पति लालता प्रसाद राजपूत परेशान करता था। लालता प्रसाद कासगंज सदर कोतवाली के गांव नगला हीरा का निवासी है। बकौल दुर्वेश, लालता प्रसाद उसकी बहन धर्मवती को पीटने में भी संकोच नहीं करता था। दुर्वेश और सत्येंद्र को क्या पता था कि वह बहन की खुशी के लिए जो कदम उठा रहे हैं, उसकी कीमत दो साल के मासूम भांजे निशांत को खोकर चुकानी पड़ेगी।

धर्मवती की तीन संतान में निशांत सबसे छोटा था। उससे बड़ी चार साल की बेटी आयुषी है और सबसे बड़ा पांच साल का बेटा प्रशांत है। दरअसल, धर्मवती ने महज इस नीयत से मायके में कदम रखा था कि एक न एक दिन पति लालता प्रसाद का उसके प्रति व्यवहार ठीक हो जाएगा। ऐसा तो उसने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि जब कभी वह ससुराल लौटेगी तो उसका लाडला बेटा निशांत उसके साथ नहीं होगा।

शनिवार को अथइया में निशांत की मामा सत्येंद्र के नलकूप के हौद में डूबने से मौत हो गई थी। निशांत के शव को दफनाने के बाद दोनों परिवार के लोगों और रिश्तेदारों ने धर्मवती और लालता प्रसाद के बीच गिले-शिकवे दूर करा दिए। बेटे की मौत के गम से बदहवास धर्मवती पति लालता प्रसाद के साथ शनिवार देर शाम ही ससुराल चली गई।

जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं घायल रिश्तेदार

निशांत की मौत की खबर सुनने के बाद कासगंज के नगला हीरा गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर अथइया की ओर निकले लालता प्रसाद के परिजन शनिवार अपराह्न ही हादसे का शिकार हो गए थे। एक्सल टूट जाने से ट्रैक्टर-ट्रॉली मुजरिया के पास गांव अलीगंज में सड़क किनारे खाई में पलट गई थी। हादसे में निशांत के बाबा भोले के अलावा परिवार की महिलाओं समेत 12 लोग घायल हो गए थे। घायलों में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button