Rampur News: तीन वर्ष पूर्व प्रेम विवाह करने वाली विवाहिता फंदे पर झूली, मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Tue, 28 Nov 2023 01:13 AM IST
बिलासपुर। घरेलू कलह के चलते ग्राम चंदेन निवासी सुमन कश्यप 20 पत्नी ओमप्रकाश कश्यप सोमवार की शाम अपने ही घर में फंदे पर लटकी हुई मिली। सीओ और तहसीलदार ने निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। संभावना है कि घरेलू कलह के चलते विवहिता फंदे पर झूल गई हो, जिसकी पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। सीओ ने बताया कि सुमन ने करीब तीन वर्ष पूर्व ओमप्रकाश कश्यप से प्रेम विवाह किया था। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चंदेन निवासी ओम प्रकाश कश्यप सोमवार की दोपहर किसी काम से नगर में आया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी सुमन 20 अपने डेढ़ साल का पुत्र तथा सास व जेठ के साथ मौजूद थी। पुलिस के अनुसार सोमवार की शाम करीब 5:00 बजे गांव की एक महिला ओमप्रकाश के घर पहुंची तो देखा कि घर में कोई नहीं था।
कमरे के अंदर सुमन गले में फंदा लगाए हुए छत के कुंडे में झूल रही थी। महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में महिला की सास व जेठ भी घर पहुंच गए। लोगों ने मामले की सूचना ओमप्रकाश कश्यप को फोन के जरिए दी तो सूचना पाकर वह भी अपने घर पहुंच गया। ओमप्रकाश की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी रवि खोकर, तहसीलदार निश्चय कुमार, कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव नीचे उतरवाया। पुलिस के अनुसार महिला ने कमरे के अंदर चारपाई पर बाल्टी रखकर गले में दुपट्टे का फंदा लगाकर झूली होगी। तहसीलदार निश्चय कुमार की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। कोतवाली प्रभारी के अनुसार सुमन मूलत: कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नवाबगंज की रहने वाली है और उसने प्रेम प्रसंग के चलते करीब तीन वर्ष पूर्व चंदेन निवासी ओम प्रकाश कश्यप से प्रेम विवाह किया था। दोनों की शादी के पश्चात सुमन का अपने मायके आना-जाना कम हो गया था। बताते हैं कि मायके वाले भी सुमन की शादी को लेकर खुश नहीं थे। इसलिए नाराजगी भी चल रही है। शादी के बाद सुमन ने एक पुत्र को भी जन्म दिया है, जिसकी उम्र करीब डेढ़ वर्ष है। फंदे पर झूलने की वजह अब तक की जांच में घरेलू कलह आई है। फिर भी मामले की जांच की जा रही है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं आई है। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। घटना की हर स्तर पर जांच की जा रही है और तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पीएम रिपोर्ट आने पर ही मृत्यु का कारण भी साफ हो सकेगा।

