Pilibhit News: आठ वर्षीय छात्रा के साथ किशोर ने की छेड़छाड़
पिता ने दी तहरीर, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत/बरखेड़ा। थाना क्षेत्र के एक गांव के ग्रामीण ने थाने में तहरीर दी। आरोप लगाया है कि गांव के एक युवक ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़ की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में ग्रामीण का कहना है कि उसकी आठ वर्षीय पुत्री जो कक्षा तीन की छात्रा है। रविवार को सुबह लगभग 11 बजे गांव में ही अपनी दादी के यहां जा रही थी। गांव के ही एक युवक ने उसकी पुत्री को अपने पास बुलाया। इसके बाद उसे खाने के लिए भुजिया का पैकेट देकर गिनती सुनाने के लिए कहा। इसी दौरान युवक ने उसकी पुत्री से अश्लील हरकतें शुरू कर दी।
लड़की डरकर वहां से भाग आई और काफी देर बाद उसने पूरी जानकारी अपनी मां को दी। शाम को जब वह खेत से वापस आया, तब उसकी पत्नी ने पूरे मामले की जानकारी दी। इस पर उसने पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने बताया है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।