बरेली

Bareilly News: सोशल मीडिया पर शेयर न करें निजी जानकारी

Connect News 24

बरेली। एक दौर था जब चोर घरों के आसपास की स्थितियों, सूखी नाली या गंदगी से यह अंदाजा लगाते थे कि घर में कोई नहीं है। आज आप खुद अपराधियों को मौका देते हैं। आप जो जानकारी सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं वहीं से अपराधी उसका दुरुपयोग कर रहे हैं। इसलिए निजी जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा न करें।

एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने ये बातें बृहस्पतिवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से बीबीएल पीलीभीत रोड में आयोजित पुलिस की पाठशाला में विद्यार्थियों से संवाद में कहीं। डीप फेक पर चिंता जताते हुए बताया कि डीप फेक उपलब्ध डाटा से ही तैयार होता है। उन्होंने कहा कि लोगों में आम प्रवृत्ति बन रही है कि वह हर छोटी-बड़ी चीज को सोशल मीडिया पर शेयर करने लगे हैं। अनावश्यक तस्वीरें साझा कर रहे हैं। यह सब आपको बहुत नुकसान पहुंचा सकता है। तकनीकी का महज चार फीसदी हिस्सा सदुपयोग किया जा रहा है। बाकी 96 फीसदी अपराधियों की पनाहगाह बना हुआ है। ऐसे में आप उसे सुरक्षित कैसे मान सकते हैं।

एसएसपी ने सोशल मीडिया के प्रयोग के दौरान सतर्कता से जुड़े कई अहम पहलुओं की जानकारी विद्यार्थियों को दी। हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने साइबर अपराध, और पुलिसिंग से जुड़े मामलों पर सवाल-जवाब किए। प्रधानाचार्य डॉ. अल्पना जोशी ने पौधा और स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया। शिक्षिका गुंजन अग्रवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस मौके पर विनय शर्मा, योगेंद्र कुमार समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

एक गलती और कॅरियर शुरू होने से पहले ही खत्म

एसएसपी ने छात्र-छात्राओं को समझाया कि कभी दिमाग में कोई गलत विचार आए तो उस पर अमल करने से पहले यह सोच लीजिएगा कि एक गलती आपका कॅरियर शुरू होने से पहले ही खत्म कर सकती है। एक बार अपराध से पुलिस के पास आपका डाटा हमेशा के लिए दर्ज हो जाता है। किसी भी नौकरी के लिए या कॅरियर से जुड़े किसी अहम पड़ाव के लिए आप हर बार पुलिस वेरिफिकेशन में बाहर कर दिए जाएंगे। इससे न केवल आप बल्कि आपका परिवार बुरी तरह प्रभावित होगा।

सोशल मीडिया एप में स्क्रीन टाइम ऑन रखें

सोशल मीडिया पर समय बिताते समय, खासकर फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स, स्नैपचैट आदि पर रील्स देखते या बनाते समय एप का स्क्रीन टाइम ऑन रखें। इससे आपको यह पता रहेगा कि आपने कितना समय इन एप पर बर्बाद किया। यह समय पढ़ाई का और बेशकीमती है। इसका सदुपयोग बेहतर व्यक्तित्व और कॅरियर के लिए करिए।

यातायात के नियमों का पालन जरूरी

कोरोना महामारी के दौरान जितने लोगों ने जान गंवाई है, उससे दोगुनी संख्या में हर साल सड़क दुर्घटनाओं से लोग मर रहे हैं। इसकी पीड़ा वही समझ सकता है जिसने अपने परिवार का सदस्य खोया हो। महज लापरवाही इस सबकी वजह है। दुर्घटना कभी पहले से बताकर नहीं आती कि वह 50 मीटर पर होगी या 50 किलोमीटर पर। इसलिए घर से दो कदम की दूरी पर भी अगर वाहन से जाएं तो हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करें। नियमों का पालन करें। घर पर अपने माता-पिता को बिना हेलमेट के बाहर न जाने दें।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button