बरेली

ओटीएस : उपभोक्ता तो खूब आए पर सिस्टम हांफ गए

Connect News 24

बरेली। एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत अधिकतम छूट का लाभ लेने के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के कैश काउंटरों पर सुबह से ही भीड़ उमड़ी रही। जरूरत के हिसाब से कैश काउंटर और कर्मचारी बढ़ाए गए, लेकिन कहीं इंटरनेट की कनेक्टिविटी नहीं मिली तो कहीं सॉफ्टवेयर धोखा दे गया। इधर, तमाम उपभोक्ता कतार में खड़े-खड़े परेशान होकर लौट गए। पहले चरण के अंतिम दिन 7175 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया। मुख्य अभियंता रणविजय कुमार सिंह का कहना था कि जब भी सिस्टम पर लोड बढ़ता है, तो दिक्कत आती है।

फोटो

घंटों इंतजार, एक पंजीकरण में 10 मिनट से ज्यादा समय

मैं सर्किट हाउस स्थित विद्युत वितरण खंड द्वितीय के कैश काउंटर पर एक घंटे से अधिक खड़ा रहा, पर पंजीकरण न हुआ। सिस्टम पर मेरा बिल शो नहीं हो रहा था, पर नोटिस मिला। अधिशासी अभियंता मनोज कुमार ने भरोसा दिया है। -शाहरुख, नकटिया, उपभोक्ता

मैं कैश काउंटर पर सुबह 11 बजे पहुंच गया था। लाइन लंबी थी। दस-दस मिनट में एक व्यक्ति का ओटीएस पर पंजीकरण हो पा रहा था। इसलिए कतार में खड़े रहना पड़ा। -फैजान हुसैन, परसौना, उपभोक्ता

सिस्टम पर छूट, पर बिल में दिख रहा बकाया

उड़ला जागीर निवासी मोहम्मद शफी को 27,698 के बकाया पर 10,187 रुपये की छूट मिलनी थी। उन्होंने बृहस्पतिवार को बकाया जमा किया, लेकिन जो रसीद मिली उसमें छूट की राशि बकाया के काॅलम में दर्ज थी। यही प्रकरण करगैना के रूपचंद्र का रहा। उनकी रसीद में 2187 रुपये की छूट बकाया मेंं दर्ज हो गई, जबकि वह पूरा बकाया जमा कर चुके थे।

यह रहा हाल

मुख्य अभियंता कार्यालय के परिसर में विद्युत वितरण खंड द्वितीय ग्रामीण के कैश काउंटर पर दोपहर 1.30 बजे दो कतारें लगीं थीं, लेकिन सिस्टम बेहद धीमा था। कर्मियों को बार-बार पोर्टल, सही तरीके से चलने का इंतजार करना पड़ रहा था। एक उपभोक्ता का नंबर आने में एक से दो घंटे का समय लगा।

रामपुर गार्डन स्थित विद्युत वितरण खंड तृतीय के ग्राहक सेवा केंद्र पर शाम 3.30 बजे मौजूद विकास कुमार ने बताया कि उसे एक घंटे से भटकाया जा रहा है। नोटिस पर लिखा है कि ओटीएस में छूट 2549 रुपये मिलेगी, लेकिन काउंटर पर 230 रुपये की छूट बताई गई। एक घंटे बाद समाधान हो सका।

रामपुर गार्डन स्थित विद्युत वितरण खंड द्वितीय के ग्राहक सेवा केंद्र पर शाम चार बजे लिपिक सर्वेश्वर प्रसाद मिले। शाम तक उपभोक्ता आते रहे। सिस्टम सुबह धीमा चला। कई उपभोक्ता लौट गए, पर उनका दावा है कि भीड़ रही, पर किसी को लौटाया नहीं गया। अन्य दिनों के मुकाबले दोगुनी वसूली हुई।

बिजली चोरी के बकाया पर 6.5 लाख की छूट ली

बिजली चोरी के असिसमेंट जगतपुर के उपभोक्ता इकराम अली ने 6.5 लाख रुपये की छूट हासिल की, जो कि बृहस्पति वार की सर्वाधिक छूट है। विद्युत वितरण खंड चतुर्थ के अधिशासी अभियंता गौरव शुक्ला ने बताया कि अगर एक से 15 दिसंबर तक चोरी के मामले में पंजीकरण कराते हैं तो 40 प्रतिशत की छूट हासिल कर पाएंगे।

पहले चरण के अंतिम दिन जिले में 7175 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया। 6.60 करोड रुपये की वसूली हुई है। शुक्रवार को सुबह आठ से रात आठ बजे तक कैश काउंटर खुलेंगे। एक किलोवाट तक के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बकाये पर ब्याज में एकमुश्त भुगतान पर 15 दिसंबर तक शत-प्रतिशत छूट मिलेगी। किश्तों पर जमा करने में 90 प्रतिशत की छूट मिलेगी। -विकास सिंघल, अधीक्षण अभियंता नगरीय क्षेत्र


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button