बरेली

Bareilly News: पुलिस का हर दांव नाकाम, आजाद घूम रहा सिरफिरा कातिल

Connect News 24

बरेली। शाही व शीशगढ़ क्षेत्र में नौ महिलाओं की सिलसिलेवार हत्या के बाद दहशत का माहौल है। पुलिस का हर दांव नाकाम साबित हो रहा है। लाख कोशिशों के बावजूद पुलिस कातिल तक नहीं पहुंच सकी है। बैरियर लगाकर चेकिंग करने के साथ ही क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से लैस करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

एसपी देहात मुकेश मिश्रा लगातार शाही इलाके में घूमकर कातिल का सुराग जुटा रहे हैं। इलाके में बाइक सवार पुलिसकर्मियों की टीमें पगडंडियों की खाक छान रही हैं। सादा कपड़ों में भी पुलिसकर्मी क्षेत्र में घूमकर सूचनाएं जुटा रहे हैं। दिनभर में मिली जानकारी का रात में सत्यापन किया जाता है। सुबह पुलिस फिर वहीं खड़ी दिखाई देती है जहां एक दिन पहले थी।

अभी तक प्रधानों से अधिकारी बैठकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए कह रहे थे तो वे बजट न होने का रोना रो रहे थे। एसएसपी ने इस बारे में डीएम से बात कर सहयोग मांगा। डीएम के प्रयास से 450 ग्राम पंचायतों को बजट आवंटित हो गया है। इससे ग्राम पंचायतों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का रास्ता साफ हो जाएगा।

सीओ मीरगंज ने शनिवार शाम को शाही थाने में प्रधानों व क्षेत्रीय लोगों के साथ बैठक कर सहयोग की अपील की। उन्होंने लोगों को संदिग्धों पर नजर रखने के लिए कहा। महिलाओं को अकेले जंगल या खेतों की ओर जाने से मना किया। ग्राम प्रधानों से गांवों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने का अनुरोध किया।

शनिवार को बरेली से आईं इंस्पेक्टर छवि सिंह ने 36 महिला सिपाहियों के साथ 16 टीमें बनाकर गांव-गांव चौपाल लगाकर महिलाओं को जागरूक किया।

शेरगढ़ में 22 नवंबर को हुई किसान धर्मेंद्र कुमार की हत्या का सुराग मिल गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को भी पकड़ा है। एसपी देहात ने शनिवार को शेरगढ़ थाने जाकर खुलासे से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की। बताया जा रहा है कि पुलिस शनिवार को इसका खुलासा कर सकती है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button