Pilibhit News: चालक और परिचालक न होने से डिपो पर ही खड़ी रहीं 10 बसें

रोडवेज बस स्टैंड पर खड़ी बसे । संवाद
विभाग को हुआ करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। पर्याप्त चालक और परिचालक न होने से यहां से बसों का संचालन सही तरीके से नहीं हो पा रहा है। मंगलवार को 10 बसें विभिन्न मार्गों पर नहीं चल सकीं। वजह यह थी कि बसों को चलाने के लिए चालक-परिचालक नहीं थे। ये सारी बसें लोकल रूटों पर चलनी थीं।
डिपो पर कुल 88 बसें थी। जिसमें से नौ अनुबंध की थी। दिवाली को देखते हुए यहां पर 14 बसों को भेजा गया। जिससे स्थानीय डिपो पर 102 बसों का बेड़ा हो गया।
पर्याप्त चालक व परिचालक न हो पाने के कारण मंगलवार को 10 बसों का संचालन नहीं हो सका। ऐसे में यह बसें डिपो पर ही खड़ी रहीं। इन दस बसों को बीसलपुर, पूरनपुर, टनकपुर लोकल रूटों पर चलना था। इन बसों के नहीं चलने से विभाग को लगभग डेढ़ लाख रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ।
–
इन रूटों पर हुई दिक्कत
बीसलपुर व पूरनपुर मार्ग पर आठ-आठ बसें संचालित हो रहीं हैं। जिसमें दोनों जगह सिर्फ चार-चार बसों का ही संचालन हुआ। आठ बसें डिपो पर ही खड़ी रहीं। जिससे बीसलपुर व पूरनपुर जाने वाले यात्रियों को खासी दिक्कत हुई। लोगों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा। टनकपुर मार्ग पर भी छह के मुकाबले चार बसें चलीं। हालांकि टनकपुर और पूरनपुर मार्ग पर अन्य डिपो की बसों का संचालन होने से लोग ज्यादा परेशान नहीं हुए।
–
यह है स्टाफ की स्थिति
चालक-23
परिचालक-17
संविदा चालक-142
संविदा परिचालक -153
नोटिस देने के बाद भी नहीं पहुंच रहे ड्यूटी पर
लगभग 40 चालक व 50-60 परिचालक दिवाली के पहले से नदारद चल रहे हैं। जिसको लेकर विभाग की ओर से लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं लेकिन यह लोग ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहे।
स्टाफ की कमी से कुछेक बसें खड़ी करनी पड़ती है। संविदा चालक और परिचालक गैरहाजिर रहते हैं। जिससे बसों का संचालन काफी प्रभावित होता है।
– पवन कुमार श्रीवास्तव, एआरएम