Pilibhit News: दहेज की मांग पूरी न होने पर बहू का गला दबाया, घर से निकाला
पति और सास-ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। दहेज में बाइक व दो लाख रुपये की मांग पूरी न कर होने पर सास ने बहू का गला दबाया। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर पति, सास व ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देशनगर के रहने वाले सियाराम ने बताया कि उन्होंने पुत्री शारदा की शादी 26 अप्रैल 2021 को उत्तराखंड स्थित जिला चंपावत के बनवसा के मोहल्ला भजनुपरा निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू से की थी।
शादी में लगभग सात लाख रुपये खर्च किए। जिससे सास ऊषा देवी, ससुर सालिकराम और दामाद जितेंद्र खुश नहीं थे। वह उसकी पुत्री से दो लाख रुपये, बुलेट बाइक लाने की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पुत्री को भूखा-प्यासा रखा जाता था।
पिता के अनुसार अप्रैल 2023 की रात लगभग साढ़े नौ बजे सभी लोगों ने एकराय होकर पुत्री को पीटा। इस दौरान उसकी सास पुत्री के सीने पर बैठ गई और जान से मारने की नीयत से उसका गला दबा दिया, साथ ही बाद में उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। वह बेटी को घर लेआए।
पिता ने मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सास, ससुर और पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।