Budaun News: पहले स्लैब पर रखा सामान… अब सड़क पर कारोबार

उझानी में दुकानों के आगे सड़क पर रखा सामान। संवाद
उझानी। नगर में अतिक्रमण ने लोगों का पैदल चलना तक दूभर कर दिया है। कुछ सालों में घंटाघर चौराहा, पुरानी अनाज मंडी और हलवाई चौक मोड़ के बाद अब स्टेशन रोड भी अतिक्रमण की जद में है। एक-दूसरे की देखादेखी अतिक्रमणकारियों ने पहले स्लैब पर सामान रखना शुरू किया था। अब पूरा कारोबार ही सड़क के फुटपाथ से हो रहा है। जिम्मेदार गाहे-बगाहे नोटिस जारी कर अपने दायित्व से मुक्त हो जाते हैं।
कस्बे में कछला रोड बाजार से लेकर प्राइवेट स्टैंड तक कई ऐसे स्थान हैं, जहां अतिक्रमण निरंतर बढ़ते रहने से सड़क पर छोटे वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो रहा है। घंटाघर चौराहे से कछला रोड बाजार की तरफ कदम रखते ही सबसे पहले पुरानी अनाज मंडी, फिर हलवाई चौक मोड़ के आसपास अतिक्रमणकारियों ने फुटपाथ पर भी कब्जा कर लिया है। पुरानी अनाज मंडी और हलवाई चौक मोड़ के पास अतिक्रमण की वजह से रोजाना जाम लगता है। इन दोनों प्रमुख स्थानों पर हालांकि पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं, लेकिन यातायात व्यवस्था बनाए रखने में उनके भी पसीने छूट जाते हैं।
अब तक स्टेशन रोड अतिक्रमण से अछूता रहा था, लेकिन दो-तीन महीना से घंटाघर के पास कुछेक दुकानदारों की देखा-देखी पड़ोस के दुकानदारों ने भी स्लैब के आगे फुटपाथ पर तख्त आदि डालकर उन पर शो-केस रख लिए हैं। दुकानों के आगे अतिक्रमण हो जाने पर ग्राहकों को अपनी बाइकें सड़क पर खड़ी करनी पड़ती हैं। पिछले दिनों लोगों ने पुलिस और पालिका प्रशासन से शिकायत भी लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
बालू-बजरी का कोराबार भी सड़क पर
बदायूं रोड बाजार ही नहीं बल्कि बाइपास पर बिल्डिंग मेटेरियल की आधा दर्जन से अधिक दुकानें सड़क किनारे हैं। बजरी और बालू के साथ कारोबारियों ने फंटी और अन्य सामान भी सड़क पर ही डाल रखा है। बालू और बजरी के ट्रक सड़क पर ही अनलोड करा लिए जाते हैं। महीनों यह सड़क किनारे ही पड़ी रहती है। पूरा माल उठने से पहले ही फिर से ट्रक अनलोड करा लिए जाते हैं।
– कस्बे में अतिक्रमण का मामला संज्ञान में आया है। मुख्य बाजार चूंकि पीडब्ल्यूडी के अधिकार क्षेत्र में है, सो पीडब्ल्यूडी के अफसरों की मौजूदगी के बिना कार्रवाई नहीं की जा सकती। स्टेशन रोड को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। – अब्दुल सबूर, ईओ उझानी।