बरेली

Bareilly News: तमाम कोशिशों के बाद भी पुलिस नाकाम, अब विक्षिप्तों में कातिल की तलाश

Connect News 24

बरेली। 10 किमी के दायरे में छह माह में एक-एक कर नौ महिलाओं की हत्या से क्षेत्र में दहशत है। महिलाओं ने खेत की ओर जाना छोड़ दिया है। तमाम कोशिशों के बाद भी पुलिस इनमें से कई मामलों का खुलासा नहीं कर सकी है। मामला विधानसभा में भी गूंज चुका है। मुख्यमंत्री के आदेश पर अफसर दौड़ रहे हैं पर कामयाबी नहीं मिल पा रही है। अब पुलिस विक्षिप्तों में कातिल की तलाश कर रही है। ऐसे 82 लोगों को चिह्नित कर मानसिक अस्पताल में भर्ती कराने की तैयारी है।

शुक्रवार शाम शाही थाने पहुंचे आईजी डॉ. राकेश सिंह व एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने आनंदपुर, खरसैनी व कुल्छा गांव के प्रधान व अन्य लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों को भी बैठाया गया। लोगों ने सवाल-जवाब किए और आगे की कार्रवाई को लेकर दिशा तय की गई। आईजी व एसएसपी ने लोगों से जागरूक रहने व पुलिस का सहयोग करने की अपील की। हाल ही में शाही थाना क्षेत्र के ग्राम हल्दीकलां में पुलिस चौकी की स्थापना की गई है। आईजी व एसएसपी ने वहां निरीक्षण किया। वहां एक दरोगा व छह सिपाहियों की तैनाती कर दी गई।

ये दांव भी रहे नाकाम

– शाही, शेरगढ़ एवं शीशगढ़ थाना क्षेत्र में जन सहयोग से 545 कैमरे लगाए गए पर कातिल का कोई सुराग नहीं मिला।

– क्षेत्र में रोज 16 टीमों की दौड़ भी नाकाम साबित हो रही है।

-क्षेत्र में 70 ग्राम सुरक्षा समितियों का गठन किया गया है, पर कातिल अब भी आजाद घूम रहा है।

– नदियों में नाव से निगरानी व ड्रोन कैमरे उड़ाकर भी पुलिस को कुछ हासिल नहीं हुआ।

– रोज गोष्ठी व बैठकों के बावजूद मामले का कोई हल नहीं मिल पा रहा है।

हत्याएं किसी एक शख्स ने कीं या ज्यादा लोगों ने की हैं, दोनों ही बिंदुओं पर टीमें काम कर रही हैं। उम्मीद है कि जल्द कोई नतीजा निकलेगा। कुछ घटनाओं में परिवार के करीबी लोगों पर भी संदेह है, उनकी भी निगरानी की जा रही है। – डॉ. राकेश सिंह, आईजी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button