Budaun News: सुल्तानपुर की डाॅक्टर के नाम था न्यू फैमिली अस्पताल का पंजीकरण, जांच के बाद निरस्त

लालपुल स्थित न्यू फैमली अस्पताल। संवाद
बदायूं। कुछ दिन पहले बच्ची की मौत के बाद सुर्खियों में आया न्यू फैमिली अस्पताल का पंजीकरण सुल्तानपुर के एक डॉक्टर के नाम पर था। स्वास्थ्य विभाग ने जब अस्पताल के कागज तलब किए तो इसका पता चला। जांच के बाद पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है। अब अस्पताल को सीज करने की तैयारी है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रोजगार दफ्तर के पास रहने वाले अमित गुप्ता ने अपनी 21 दिन की बेटी प्रीति को इलाज के लिए लालपुल स्थित न्यू फैमिली हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। अमित का आरोप है कि इलाज में लापरवाही से बच्ची की मौत हो गई। अमित की तहरीर पर पुलिस ने डाॅ. जुनैद आलम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। एसीएमओ डॉ. तहसीन ने अस्पताल संचालक को नोटिस देकर रजिस्ट्रेशन संबंधी कागज तलब किए तो पता चला कि पंजीकरण सुल्तानपुर की डॉ. साजिया बानो के नाम है।
एसीएमओ डॉ. तहसीन का कहना है कि डाॅ. साजिया का पार्ट टाइम अस्पताल में रहने का शपथ पत्र भी पंजीकरण की फाइल में लगा है, लेकिन जांच में पता चला कि पंजीकरण होने के बाद से वह एक दिन भी अस्पताल नहीं आईं हैं। इसी के आधार पर पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है। सात दिन का समय दिया गया है। समय पूरा होने पर अस्पताल सील किया जाएगा।