Rampur News: पीएफ का पैसा कट रहा वेतन से, नहीं आ रहा खातों में
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Wed, 13 Dec 2023 01:53 AM IST
रामपुर। स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ ने संविदा कर्मियों की समस्याओं के बारे में अधिशासी अधिकारी दुर्गेश्वर त्रिपाठी को ज्ञापन देकर मांग की है। जिलाध्यक्ष प्रेमराज वाल्मीकि ने बताया कि पिछले कई सालों से संविदा कर्मियों के साथ विभाग द्वारा सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। कहा कि सभी 161 संविदा कर्मचारियों का पीएफ का पैसा जो वेतन से लगातार काटा जा रहा है लेकिन पीएफ खाते में लगभग एक साल से विभाग द्वारा नहीं डाला गया है तथा सभी कर्मचारियों की पीएफ खातों की आईडी भी खराब कर दी गई है। जिसके कारण अपने पीएफ खातों से ऑनलाइन पैसे नहीं निकाल पा रहे हैं और लगभग 23 कर्मचारियों का पीएफ का पैसा उनके वेतन से शुरू से ही लगातार काटा जा रहा है, लेकिन आज तक उनके पीएफ खातों में जमा नहीं कराया गया है। जिसकी शिकायत स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के द्वारा समय-समय पर विभाग को दी गई, लेकिन विभाग द्वारा कोई सुनवाई कर्मचारियों के हितों के लिए नहीं की गई। बताया कि लगभग चार सालों से सभी संविदा सफाई कर्मचारियों का डीए का एरियर जो 28 माह का हो चुका है वह भी अभी तक कर्मचारियों को नहीं दिया गया है। जिसकी जानकारी भी समय-समय पर अधिकारियों को उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने समस्याओं के निदान की मांग की है।


