हलाल प्रमाणन से एक समुदाय को पहुंचाया जा रहा था लाभ : धर्मपाल सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sat, 25 Nov 2023 12:59 AM IST
शाहजहांपुर। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन में समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि हलाल प्रमाणन पर प्रतिबंध की प्रदेश की जनता ने सराहना की है। इसकी वजह यह है कि इससे एक समुदाय को फायदा पहुंचाया जा रहा था।
मंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस हलाल प्रमाणन पर राजनीति करके मुस्लिम वोट पाना चाहती हैं। धनिया और आलू से लेकर आम जरूरत की चीजों पर हलाल ट्रेडमार्क का इस्तेमाल किया जा रहा था। प्रदेश सरकार के प्रतिबंध लगाने पर जनता ने इसका स्वागत किया है। उन्होंने बताया कि छुट्टा गोवंशीय पशुओं से हो रही समस्या के निदान के लिए पंचायत विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, नगर विकास विभाग, राजस्व विभाग और पशुपालन विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने सरकार की ओर से चलाई जा रहीं योजनाओं बारे में जानकारी दी।