पीलीभीत: खेत में घास काट रहे ग्रामीण को जंगल में खींच ले गया बाघ, खोजबीन में जुटे सैकड़ों लोग

ग्रामीण की तलाश में जुटे लोग
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पीलीभीत में जंगल से सटे इलाकों में बाघ के हमले की घटनाएं थम नहीं रही हैं। माधोटांडा क्षेत्र में मंगलवार को जंगल सीमा से सटे खेत में घास काट रहे ग्रामीण पर बाघ ने हमला कर दिया। बाघ उसे दबोच कर जंगल में खींच ले गया। वहीं बाघ को देख खेत में काम कर रहे अन्य ग्रामीण भाग खड़े हुए। जानकारी के बाद ट्रैक्टर ट्रालियों पर सवार होकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीण की भीड़ जंगल में खोजबीन करने में जुटी है।
माधोटांडा क्षेत्र के जमुनिया निवासी तोता राम गांव के ही श्रीकृष्ण और रायबहादुर के साथ पुरैनी गांव में माला जंगल सीमा से सटे इलाके में घास काटने आए थे। इस दौरान जंगल से बाहर आए बाघ ने तोताराम पर हमला कर दिया। बाघ को देख श्रीकृष्ण और रायबहादुर भाग खड़े हुए। उन्होंने गांव में जाकर सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। अभी तक तोताराम का पता नहीं चला है।
21 सितंबर को ली थी युवक की जान
कलीनगर क्षेत्र में 21 सितंबर को खन्नौत नदी में मछली मारने गए युवक रघुनाथ मंडल (32) को बाघ ने मार डाला था। नदी किनारे उसके कपड़े मिलने के बाद अनहोनी की आशंका जताई गई। वन विभाग और पुलिस की टीम ने ड्रोन कैमरे से खोजबीन शुरू की। नदी से करीब पांच सौ मीटर दूर गन्ने के खेत में ग्रामीण का अधखाया शव बरामद हुआ था। इससे पूर्व में बाघ के हमले की घटनाएं हो चुकी हैं।



