त्योहारों पर ड्रोन से कराई जाए जुलूसों की निगरानी : एडीजी
रामपुर। एडीजी बरेली जोन पीसी मीना ने शनिवार को पुलिस लाइन में अफसरों के साथ बैठक करते हुए कहा कि त्योहारों पर निकलने वाले जुलूसों की ड्रोन कैमरों के जरिये निगरानी कराई जाए। त्योहार पर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।आगामी त्योहारों को लेकर पुुलिस प्लान को समझाने के लिए एडीजी जोन ने पुलिस लाइन में जिले के सभी पुलिस अफसरों के साथ बैठक की। एडीजी ने चेहल्लुम, जन्माष्टमी, बारावफात एवं गणेश चतुर्थी को सकुशल संपन्न कराये जाने के लिए तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही प्रत्येक थाना क्षेत्र में धर्म गुरुओं, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों के साथ मीटिंग कर सामंजस्य स्थापित करने को कहा।
कहा कि त्योहारों पर निकलने वाले जुलूसों में शस्त्र प्रदर्शन न हो। जुलूस की ड्रोन कैमरे के माध्यम से निगरानी की जाए। पुलिस अधिकारी अपने क्षेत्र में भ्रमण करें और कोई नई परंपरा न पड़ने दें। एडीजी ने कहा कि जुलूस के दौरान पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाए, पुलिसकर्मियों की ड्यूटी बॉक्स फॉर्मेशन में लगाने, क्यूआरटी टीम का करें। एडीजी ने सोशल मीडिया पर सतर्क दृष्टि रखते हुये भड़काऊ पोस्ट करने वाले अराजक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने के भी आदेश दिए। साथ ही सनसनीखेज और महिला संबंधी अपराधों के जल्द अनावरण के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी अशोक कुमार शुक्ला, एएसपी डाॅ. संसार सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी व थाना प्रभारी मौजूद रहे।