Bareilly News: शिकायतों के निस्तारण में लापरवाह अफसरों को प्रतिकूल प्रविष्टि
बरेली। चेतावनी और लगातार नोटिस जारी करने के बावजूद आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) पर दर्ज हो रही शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरत रहे सात अधिकारियों पर अब कार्रवाई हुई है। जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने छह माह से डिफाल्टर श्रेणी में दर्ज हो रहे विभागों के मुखिया को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करते हुए भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर शासन स्तर से कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस की दिसंबर से मई तक की रैंकिंग में डिफाल्टर विभागों की सूची तैयार कराई थी। पिछले माह बरेली 64वें पायदान पर रहा। तमाम प्रयासों के बावजूद जिले की रैंकिंग में सुधार नहीं हो रहा था। जिलाधिकारी ने रिपोर्ट के आधार पर जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी नीता अहिरवार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड नारायण सिंह, तहसीलदार आंवला रश्मि सिंह, तहसीलदार फरीदपुर विनोद चौधरी, तहसीलदार बहेड़ी राम दयाल, तहसीलदार नवाबगंज शेर बहादुर सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।
नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की शिकायतें भी पोर्टल पर ज्यादा मिली हैं। इन विभागों के अधिकारियों को पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के लिए कहा है। डिफाल्टर में दर्ज होने पर शासन को पत्र भेजकर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।



