भड़काऊ बयान से परहेज करें अखिलेश: भूपेंद्र चौधरी
बरेली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार बेहतर कानून व्यवस्था के साथ आगे बढ़ रही है। जो अनैतिक कार्य करेंगे, सरकार उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करती रहेगी। सपा मुखिया के बयानों पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव भड़काऊ बयान से परहेज करें। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सब जानते हैं कि सपा की सरकार में बेईमानी और भ्रष्टाचार हावी हो गया था। पूरा राज्य दंगाइयों के हवाले था। सरकार दंगाइयों के साथ खड़ी थी। सपा मुखिया आज कसमसाहट में हैं क्योंकि सरकार दंगाइयों और भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई कर रही है। उत्तर प्रदेश में अपराध न्यूनतम स्तर पर है। इसी का परिणाम है कि निवेशक आकर्षित हैं। योगी मॉडल की चर्चा दुनिया में सब जगह हो रही है। छुट्टा पशु की समस्या पर कहा कि सपा के शासन में अवैध बूचड़खाने चल रहे थे। भाजपा गोवंश के संरक्षण का काम कर रही है।
कुछ जिलों में बदले जा सकते हैं जिलाध्यक्ष
बरेली। कुछ जनपदों में संगठन में बदलाव होंगे। जिलाध्यक्ष भी बदले जा सकते हैं। बरेली व आंवला के जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष इसी महीने तय हो जाएंगे। इसकी जल्दी ही घोषणा होगी। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने दी। उन्होंने सर्किट हाउस में प्रमुख पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों से मुलाकात की। संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह के गांव ब्रह्मपुरा के लिए रवाना हो गए। उनसे मिलने वालों में मेयर डॉ. उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोरा, जिलाध्यक्ष पवन शर्मा थे। ब्यूरो


