आलोक गुप्ता हत्याकांड: संपत्ति विवाद और रंजिश पर टिकी जांच, नेपाल सीमा से दिल्ली तक आरोपियों की तलाश

Shahjahanpur Alok Gupta murder case
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर में पुलिस भले ही असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक हत्याकांड को सीधे डकैती के प्रयास के तौर पर देख रही हो, लेकिन अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। इसमें सुधीर गुप्ता और आलोक गुप्ता के बीच प्रॉपर्टी विवाद या किसी अन्य से रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने का भी शक पुलिस दबी जुबान से जता रही है।
वैसे तो सुधीर गुप्ता का परिवार राजनीति में सक्रिय नहीं है, लेकिन उनकी आड़ में किसी के राजनीतिक हित साधने के प्रयास किए जाने पर भी पुलिस की नजर है। इसी तरह शाहबाज और सगीर खां के संबंध भी तलाशे जा रहे हैं। अब सर्विलांस और कॉल रिकॉर्ड का भी सहारा लिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी सगीर को बचाने के लिए सफेदपोश लग गए हैं।
ये भी पढ़ें- आलोक गुप्ता हत्याकांड: पूरे परिवार को मारने के इरादे से आए थे बदमाश, खौफजदा परिवार ने मांगी पुलिस सुरक्षा
हत्या के बाद पकड़े गए शाहबाज ने पुलिस ने लंबी पूछताछ की थी। उसने सपा के पूर्व नगराध्यक्ष सरताज खां की हत्या कबूलने के साथ ही सुधीर गुप्ता के घर में लूटपाट के इरादे से जाने की बात बताई थी। शाहबाज ने ही कायस्थान मोहल्ले के शहरोज का नाम भी बताया था। पड़ताल में पुलिस को सुधीर गुप्ता के घर में जगह-जगह खून मिला था। शाहबाज की निशानदेही पर पुलिस ने आला कत्ल भी बरामद कर लिया था।
आरोपियों की तलाश में जुटी कई टीमें
आलोक हत्याकांड के खुलासे के लिए एसपी ने जिलास्तर से दो टीमों का गठन किया है। इसके अलावा दो टीमें थाना स्तर पर भी बनाई गईं हैं। इसके अतिरिक्त बरेली व पीलीभीत की एक-एक टीम भी लगाई गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए नेपाल बॉर्डर, दिल्ली समेत कई जगह पर टीम भेजी है।