Budaun News: बुजुर्ग महिलाओं के चरण धोकर किया सम्मान, चंदन तिलक भी लगाया

बुजुर्ग महिलाओं का पैर धोकर सम्मान करतीं वैश्य महिला कुटुंब की महिलाएं। स्वयं
अखिल भारतीय सर्व वैश्य महिला कुटुंब की ओर से कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। अखिल भारतीय सर्व वैश्य महिला कुटुंब की ओर से संगठन परिवार की बुजुर्ग महिलाओं को चंदन का तिलक लगाकर व पंचामृत से उनके पैर धोकर सम्मानित किया गया। सम्मान व स्नेह पाकर बुजुर्ग महिलाएं भावविभाेर उठीं।
संगठन प्रभारी डॉ. प्रतिभा गुप्ता के दिशा निर्देशन में जिला पंचायत हॉल में आयोजित कार्यक्रम में संगठन परिवार की प्रत्येक महिला सदस्य ने बुजुर्ग पदाधिकारियों को सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए। कार्यक्रम का शुभारंभ मणि गुप्ता ने सेवानिवृत्त विकास अधिकारी स्व. केएस गुप्ता की धर्मपत्नी के पैर धोकर किया।
डॉ. प्रतिभा गुप्ता व अंजनी गुप्ता ने उनको पुष्प अर्पित किए व चंदन तिलक लगाकर आरती की। इसी क्रम में रुक्मणि वैश्य, कृष्णा वैश्य, विनोद कुमारी, जावित्री देवी, पुष्पा गुप्ता आदि को भी सम्मानित किया गया।
बड़े-बुजुर्गों के सम्मान में पहली बार हुए इस तरह के कार्यक्रम में भगवान की प्रतिमा के स्थान पर संगठन परिवार की बुजुर्ग माताओं को विराजमान कर उनके सम्मुख पंचमुखी दीपक को विधिवत प्रज्ज्वलित किया गया।
इस मौके पर विभिन्न प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली दीप्ति गुप्ता, डॉ. शुभ्रा माहेश्वरी व मेघा अग्रवाल को डॉ. ममता नौगरैया ने पुरस्कृत किया। इससे पहले डॉ. दीप्ति जोशी गुप्ता ने महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया। विमलेश वाष्णेय, डॉ. सुनीति गुप्ता, डॉ. कमला माहेश्वरी, रमा गुप्ता, डाॅ. ममता नौगरिया आदि को युवा कार्यकारिणी की देखरेख में सम्मानित किया गया।
इस मौके पर उझानी पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल, एकता गुप्ता, सीमा रस्तोगी, आभा गुप्ता, पूजा शलभ, पूजा गुप्ता, दीप्ति दीपांक रस्तोगी, पूनम गौरव आदि मौजूद रहीं।