Budaun News: एसएसपी ने इंस्पेक्टर की लगाई फटकार तो तुरंत लिख गई रिपोर्ट
कालेज परिसर में रिटायर्ड दरोगा के गोली मारकर आत्महत्या करने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जरीफनगर थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में स्थित मां शारदा इंटर कॉलेज में 15 अगस्त 2023 की सुबह गोली मारकर आत्महत्या वाले रिटायर्ड दरोगा के परिजनों ने जब थाना पुलिस की एसएसपी से शिकायत की तो उन्होंने इंस्पेक्टर की क्लास लगा दी। उन्होंने मुकदमा दर्ज न करने का कारण पूछा तो कोतवाल बगले झांकने लगे। एसएसपी ने जमकर फटकार लगाई और तुरंत रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश भी दिया। थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
15 अगस्त 2023 को सेवानिवृत्त दरोगा जय प्रकाश (65) ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। उस दौरान कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी चल रहे थे। गोली चलने की आवाज सुनकर कॉलेज में अफरातफरी मच गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई।
मृतक के तीन बेटियां और एक बेटा मयंक भारद्वाज है। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2017 में उनकी एक बेटी रूपांजलि ने अपनी पसंद के लड़के से शादी कर ली थी। मयंक भारद्वाज इसके खिलाफ था, जिससे दोनों पिता-पुत्र में अनबन हो गई थी। इसके बाद से मयंक सहसवान में जाकर रहने लगा जबकि जयप्रकाश ने कॉलेज में ही अपना आवास बना लिया। वह कॉलेज में अकेले रह रहे थे। इस समय मयंक कॉलेज का प्रबंधक है। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था जिसमें उसने बेटे को दोषी ठहराया था।
पुलिस ने इस मामले एफआईआर दर्ज नहीं की थी। घटना के बाद से उनकी बेटियां थाने के चक्कर लगा रहीं थी लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी। परेशान होकर मृतक की बेटी एसएसपी डाॅ. ओपी सिंह से मिलीं और पूरी बात बताई। सुसाइड नोट भी दिखाया। एसएसपी ने तुरंत ही इंस्पेक्टर जरीफनगर को फोन मिलाया और कहा कि सुसाइड नोट होने के बाद भी अब तक रिपोर्ट क्यों नहीं दर्ज की।
पीड़ित को ही परेशान करने पर इंस्पेक्टर को जमकर फटकारा और तुरंत ही एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। थाना पुलिस ने अब रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जिसमें मृतक का बेटा मंयक, कॉलेज के प्रबंधक अखिलेश शंखधार, ब्रजेश और कुलदीप शर्मा को नामजद किया गया है। मुकदमा मृतक की पत्नी मीना भारद्वाज की ओर से दर्ज किया गया है।