आलोक गुप्ता हत्याकांड: पूरे परिवार को मारने के इरादे से आए थे बदमाश, खौफजदा परिवार ने मांगी पुलिस सुरक्षा

आलोक गुप्ता का फाइल फोटो, उनके पिता सुधीर गुप्ता
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा में असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक की हत्या के बाद उनके परिजन खौफजदा हैं। परिजनों के मुताबिक, बदमाशों का इरादा पूरे परिवार को खत्म करना था। परिजनों ने पुलिस सुरक्षा की मांग की है। बता दें कि मंगलवार तड़के घर में घुसे बदमाशों ने आलोक गुप्ता (36) की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। विरोध पर परिवार के छह लोगों को चाकू घोंपकर घायल कर दिया था। मौके पर लोगों ने एक आरोपी शाहबाज को पकड़ लिया था। कोर्ट ले जाते समय उसने दरोगा की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया। पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की मुठभेड़ में वह मारा गया।
आलोक के छोटे भाई प्रशांत गुप्ता ने बताया कि मंगलवार तड़के तीन से चार बजे के बीच पूरा परिवार सोया हुआ था। चार बदमाश छत के जरिये नीचे आए और कमरे में सो रहे आलोक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। आलोक की चीख पर भाभी खुशबू उठ गईं तो उन्हें भी चाकू मार दिया। चीख-पुकार सुनकर वह भागकर आया तो पीछे पीछे पिता सुधीर गुप्ता भी आ गए। उन लोगों ने शाहबाज को पकड़ने का प्रयास किया। शाहबाज लगातार चाकू चलाता रहा। इससे उसे और पिता को भी कई जगह चाकू लग गया।