Budaun News: डेंगू से महिला की मौत, पांच संक्रमित मिले

सहसवान क्षेत्र में स्वास्थ्य कैंप का निरीक्षण करने पहुंचे सीएमओ।स्रोत-स्वास्थ्य विभाग
कम होने का नाम नहीं ले रहा बुखार, अब तक मिले 175 डेंगू के मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिले में बुखार कम होने का नाम नहीं ले रहा। बृहस्पतिवार को जिले में पांच डेंगू संक्रमित मिले, जबकि बांस बरौलिया में एक महिला की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक प्राइवेट लैब की जांच में उसको डेंगू संक्रमित बताया गया। जिले में अब तक 175 डेंगू संंक्रमित मिल चुके हैं।
बिल्सी के गांव बास बरौलिया में काफी समय से बुखार फैला हुआ है। जिसकी वजह से यहां करीब 12 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से यहां सिर्फ एक बार शिविर लगाकर लोगों का चेकअप किया गया। उसके बाद यहां कोई नहीं पहुंचा। ऐसे में गांव के अंदर बुखार कम होने का नाम नहीं ले रहा।
बृहस्पतिवार को गांव निवासी रामेश्वर की पत्नी मुन्नी देवी (47) की बुखार से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार उनको डेंगू था। इधर, बृहस्पतिवार को सभी सीएचसी और कई स्थानों पर शिविर लगाकर मलेरिया के 2232 जांच की गईं। जिसमें मलेरिया पीवी के 25 और पीएफ के चार मरीज मिले। इसके साथ पांच लोग डेंगू संक्रमित निकले।
–
पांच लोगों को जारी किया गया नोटिस
जिले में मलेरिया विभाग की टीम व डोमेस्टिक ब्रीडर चेकर्स ने घराें को चेक किया। जिसमे 112 घरों में पानी एकत्र मिला। ऐसे में पांच लोगों को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही 100 गांव में पहली बार डीडीटी कीटनाशक का छिड़काव कराया गया। अलीगंज और नगला कोतर गांव में सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय और ऐपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. कौशल गुप्ता ने निरीक्षण किया तो यहां काफी गंदगी मिली। उन्होंने ग्रामीणों को मच्छरों और बुखार से बचाव के उपचार के बारे में जानकारी दी।