UPSSSC PET: परीक्षा के पहले दिन व्यवस्था फेल, जाम से जूझा बरेली शहर, ट्रेनें खचाखच… अभ्यर्थी बे-बस

ट्रेन के दिव्यांग कोच में चढ़ती भीड़
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के दौरान शनिवार को शहर के कई इलाकों में भीषण जाम का सामना करना पड़ा। ट्रेनें खचाखच रहीं। यात्रियों का दबाव बढ़ने से रोडवेज बस सेवा भी चरमरा गई। जंक्शन पर स्थिति को संभालने के लिए आरपीएफ और जीआरपी को मशक्कत करनी पड़ी। रविवार को भी शहर के व्यस्त इलाकों में यही स्थिति रहने वाली है।
पीईटी के लिए शहर में 37 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 15 केंद्र शहर के व्यस्त इलाकों में हैं। इज्जतनगर और सीबीगंज में भी परीक्षा केंद्र हैं। सुबह 10 से 12 बजे की पहली पाली की परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का शुक्रवार रात से ही आना शुरू हो गया था। पहली पाली की परीक्षा छूटने और दूसरी पाली की परीक्षा शुरू होने के दौरान सड़कों भी दबाव बढ़ने से जाम की समस्या पैदा हो गई।

श्यामगंज से बरेली कॉलेज और श्यामगंज से सेटेलाइट, पीलीभीत बाईपास, नावल्टी चौराहा पर दिन में कई बार जाम लगा। मालियां की पुलिया पर ट्रैफिक लाइट खराब होने से इस रोड पर ज्यादा समस्या रही। इधर, दोपहर बाद भीड़ बढ़ने के कारण रोडवेज बस सेवा भी चरमरा गई। कई रूटों के यात्रियों को इससे परेशानियों का सामना करना पड़ा।


