Atiq Ashraf Murder: सद्दाम गैंग के साथ मजबूती से जुड़ा था यूपी पुलिस का सिपाही शमीम, फरहद के साथ भी फोटो वायरल

फरहाद के साथ सिपाही शमीम
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली जेल में बंद रहे अशरफ की सद्दाम और उसका गैंग अवैध रूप से मदद कर रहा था। सिपाही शमीम के कुछ और फोटो वायरल हो रहे हैं। इनमें वह फरहद के साथ खड़ा नजर आ रहा है जो सद्दाम से दोस्ती में जेल जा चुका है। इससे पहले फुरकान व लल्ला गद्दी के साथ सद्दाम की मौजूदगी में जन्मदिन पार्टी का वीडियो वायरल हुआ था। एसपी सिटी ने जांच पूरी कर ली है, एसएसपी सिपाही को निलंबित कर सकते है।
प्रयागराज में हुए उमेशपाल हत्याकांड में अशरफ की भूमिका सामने आने के बाद सद्दाम और उसके गैंग पर पुलिस ने शिकंजा कसा था। सद्दाम बारादरी के खुशबू एन्क्लेव में रहकर गैंग संचालित करता था और अशरफ की उसके गुर्गों से अवैध मुलाकातें कराता था। सद्दाम के साथी लल्ला गद्दी, फुरकान, फरहद उर्फ गुड्डू आदि को जेल भेजा जा चुका है।
कुछ दिन पहले नाजिश उस्मानी के जन्मदिन की पार्टी का वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में लल्ला गद्दी, फुरकान, सद्दाम और बहेड़ी थाने का सिपाही शमीम केक खाते और मस्ती करते दिख रहे हैं। यह वीडियो फुरकान ने ही बनाकर सोशल मीडिया पर डाला था।
बिथरी चैनपुर थाने में जब सद्दाम और उसके साथियों पर मुकदमा दर्ज हुआ तो फुरकान ने यह वीडियो हटा दिया लेकिन तब तक यह वीडियो कई लोगों तक पहुंच चुका था। वीडियो वायरल होने के बाद उसमें दिख रहे सिपाही शमीम पर जांच बैठा दी गई है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि सिपाही शमीम अक्सर सद्दाम और उसके गैंग के लोगों के साथ पार्टी और मस्ती करता था।


