अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा: विद्यार्थियों के सपनों को मिलेगी उड़ान, उत्साह के साथ दिया इम्तिहान
लखीमपुर में परीक्षा देते विद्यार्थी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह दिखा। रविवार को बरेली, शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी समेत 38 शहरों के 45 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हुई। चयनित केंद्रों पर 9वीं से 12वीं कक्षा तक के 38 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति पाने के लिए परीक्षा दी।
बरेली में शाहजहांपुर हाईवे किनारे स्थित फ्यूचर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया। शाहजहांपुर में कैंट स्थित जीएफ कॉलेज में परीक्षा हुई। उधर, लखीमपुर खीरी के मेहवागंज स्थित नवभारत पब्लिक इंटर कॉलेज में छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में शामिल होकर विद्यार्थी उत्साहित हुए। उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए अनुभव मिला।
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित था। सुबह से ही परीक्षा केंद्र पर विद्यार्थी पहुंचने लगे थे। बता दें कि पहले चरण में 29 अक्तूबर, को 37 शहरों के 37 केंद्रों पर 19 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। प्रवेश पत्र पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर एसएमएस द्वारा भेजे गए हैं।

