हेट स्पीच केस: लखनऊ में 25 को लिया जाएगा आजम खां की आवाज का नमूना, लैब ने तय की तारीख, पुलिस ने भेजी सूचना

आजम खां
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खां 25 अगस्त को लखनऊ स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला में हाजिर होकर आवाज का नमूना देंगे। प्रयोगशाला की ओर से तारीख तय कर इसकी जानकारी रामपुर के पुलिस-प्रशासन को दे दी है। पुलिस ने इसकी सूचना सपा नेता को भेजी है।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां के खिलाफ सात अगस्त 2007 को विधानसभा चुनाव में भाषण के दौरान टांडा थाने में दलित समाज के प्रति आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में बसपा नेता धीरज कुमार शील ने मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने विवेचना के बाद मामले की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी। कोर्ट में इस मामले की सुनवाई चल रही है। पिछले दिनों हाईकोर्ट ने सपा नेता की रिट को खारिज करते हुए आवाज का सैंपल देने के आदेश दिए थे।
अब इस मामले में एमपी-एमएलए (सेशन ट्रायल) कोर्ट ने नौ अगस्त को सुनवाई करते हुए डीएम एसपी को पत्र लिखकर आदेश दिए थे कि विधि विज्ञान प्रयोगशाला से समन्वय स्थापित कर उनकी आवाज का नमूना लेने की तारीख को मुकर्रर करें।
कोर्ट ने यह भी कहा है कि तारीख मुकर्रर होने के बाद सपा नेता को भी अवगत कराएं। कोर्ट ने आजम खां को विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ में उपस्थित रहने के आदेश दिए हैं। कोर्ट के आदेश पर पुलिस-प्रशासन ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला के निदेशक को पत्र लिखकर तारीख मुकम्मल करने को कहा था।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि इस मामले में 25 अगस्त को प्रयोगशाला में पहुंचकर सपा नेता को अपनी आवाज का सैंपल देना होगा। इसकी सूचना मिल गई है। साथ ही इस मामले में अब सपा नेता आजम खां को भी इस आदेश से अवगत कराया गया है।