बदायूं दोहरा हत्याकांड: पत्नी को मारा, बेटी को भी नहीं बख्शा, कुल्हाड़ी से काटा; आरोपी बोला- कोई पछतावा नहीं

आरोपी अखिलेश, मृतक खुशबू का फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव भुड़ेली में पत्नी और आठ माह की बेटी की हत्या करने वाला आरोपी अखिलेश उर्फ अजय पुलिस कस्टडी में गुमसुम बैठा रहा। जब उससे पूछा गया कि उसने पत्नी और बेटी की हत्या कर दी है। इसका उसे दुख है या नहीं, तो वह बोला कि उसे कोई पछतावा नहीं है। उसके मन में जो आया उसने कर दिया। बृहस्पतिवार दोपहर बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
बुधवार सुबह आरोपी अखिलेश उर्फ अजय ने अपनी पत्नी खुशबू और आठ माह की बेटी सृष्टि की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी थी। उसने खुशबू से प्रेम विवाह किया था। खुशबू मूलरूप से देवरिया जिले की रहने वाली थी, लेकिन उसका परिवार पिछले कई साल से दिल्ली में रह रहा था। करीब ढाई साल पहले अखिलेश भी घर से नाराज होकर दिल्ली चला था। वहीं उसको खुशबू से प्यार हुआ और उससे बदायूं लाकर शादी कर ली।
ये भी पढ़ें- बरेली में फिर धमकी भरे पोस्ट: मदरसे पर चला बुलडोजर तो पीएम सीएम पर अभद्र टिप्पणी, खुराफातियों ने डाले वीडियो
शराब पीने का आदी था अखिलेश
अखिलेश शराब पीने का आदी हो गया था। इससे खुशबू अपने मायके जाना चाहती थी। उसी बात को लेकर अखिलेश ने बुधवार सुबह उसकी और बेटी सृष्टि की हत्या कर दी। फिर वह उसी चारपाई पर बैठ गया था। इसके कुछ देर बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया था। दोनों शवों को मोर्चरी में रखवा दिया था। पुलिस की सूचना पर खुशबू के पिता भरत चौधरी देर रात कोतवाली पहुंच गए।
उन्होंने अखिलेश पर दहेज में एक लाख रुपये और बाइक मांगने समेत हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। भरत चौधरी का कहना है कि आरोपी अखिलेश शादी करने के बाद से खुशबू का उत्पीड़न कर रहा था। लगातार उससे एक बाइक और एक लाख रुपये मांग रहा था। इससे खुशबू घर आना चाहती थी लेकिन आरोपी उसे मायके नहीं जाने दे रहा था।