बदायूं: पांच दिन से लापता युवक का झाड़ियों में मिला कंकाल, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मृतक का फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव पीर बट्टू में पिछले पांच दिन से लापता युवक का कंकाल बरामद हुआ है। ग्राम पीर बट्टू निवासी युवक उमेश उर्फ कर्रू (35) 18 सितंबर को अपनी फसल की रखवाली करने गया था। तब से उसका कोई पता नहीं चल रहा था।
परिवार वाले लगातार उसको तलाश कर रहे थे। 20 सितंबर को परिवार वालों ने उझानी कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शनिवार सुबह खेत के नजदीक झाड़ियों में बदबू आने पर लोगों ने वहां जाकर देखा तो युवक का कंकाल पड़ा था। मौके पर परिवार वालों ने कपड़ों से उमेश के तौर पर उसकी पहचान की।
ये भी पढ़ें- यूपी: माफिया अशरफ के गुर्गे आतिन ने खोले कई राज, उमेशपाल हत्याकांड के बाद असद को भगाने में की थी मदद
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छानबीन के बाद कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार वालों का कहना है कि उसकी हत्या करके झाड़ियों में शव को फेंका गया है। हालांकि परिवार वालों ने किसी से रंजिश होने से इनकार किया है।

