बार चुनाव : दो वकीलों ने वापस लिया पर्चा, 31 प्रत्याशी मैदान में
रामपुर। बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी गई। नाम वापसी के दौरान दो उम्मीदवारों ने अपना पर्चा वापस ले लिया। अब चुनाव मैदान में 31 प्रत्याशी डटे हुए हैं। चुनाव 20 दिसंबर को होगा।बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। 12 दिसंबर को एल्डर कमेटी के चेयरमैन केबी माथुर की देखरेख में नामांकन पत्रों को दाखिल करने का काम किया गया था। इस दौरान बार के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद लोधी और राम सिंह लोधी ने एक बार फिर से अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है।
इसके अलावा पूूर्व महासचिव सतनाम सिंह मट्टू, ओमेंद्र पांडे, रमेश बाबू, अहमद अली अंसारी ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है, जबकि महासचिव पद के लिए सर्वजीत सिंह, मुसाहफ अली, रोमित कुमार सिंह, अशोक कुमार पाल, अमरपाल पटेल, शिव नरेश तोमर,जाहिद खां ने दावेदारी जताई है। बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की वापसी का काम हुआ। इस दौरान कोषाध्यक्ष पद के लिए सचिन रस्तोगी और उपाध्यक्ष (दस वर्ष से कम) मुमताज ने पर्चा वापस ले लिया। इस तरह अब चुनाव मैदान में कुल 31 प्रत्याशी बचे हैं। इनकी अंतिम सूची बार सभागार में चस्पा कर दी गई है।
इन पदों पर होगा चुनाव
अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महासचिव, उपाध्यक्ष (दस वर्ष से अधिक), संयुक्त सचिव प्रचार, संयुक्त सचिव प्रशासन, कोषाध्यक्ष।
ये चुने गए निर्विरोध
एल्डर कमेटी के चेयरमैन केबी माथुर के मुताबिक उपाध्यक्ष (दस वर्ष से कम) पुरुषोत्तम सिंह, मोनिस खां व संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद के लिए सोरन सिंह सैनी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। शेष पदों के लिए 20 दिसंबर को मतदान होगा।