Bareilly: ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी बोलीं- संस्कार से संसार बनता है; बताया कैसे खुशहाल बनाएं अपना जीवन

ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से मंगलवार को बिशप मंडल इंटर कॉलेज मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें जीवन प्रबंधन विशेषज्ञ ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी ने व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि कलयुग हमने बनाया है। सतयुग भी हमें ही बनाना है। आजकल स्कूली बच्चों के मन की स्थिति बिगड़ रही है। ऐसे में आगे का भविष्य क्या होगा। हमें सृष्टि परिवर्तन करना चाहिए। वरना कलयुग बढ़ता जाएगा। संस्कार से संसार बनता है। इसलिए पहले संस्कारों से सतयुग बनाना है। यह हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्वास्तिक चिह्न का जिक्र करते हुए कहा कि हमें जो भी बातें सिखाई गईं। उनके पीछे अर्थ था। दिवाली में दीया जलाया जाता है। इसके पीछे अर्थ था कि अपने घर का दीया बनें। सुबह का समय मन में सकारात्मक ऊर्जा भरने का होता है। प्रात: उठते ही मन ही मन में परमात्मा का शुक्रिया करें। अपने लिए परमात्मा से शक्तियां लेकर खुद को सकारात्मकता और उमंग उत्साह से भरें। ये सकारात्मक ऊर्जा सारे दिन की हर परिस्थिति में आपको स्टेबल रखने में मददगार होती है।
शिकायत करने की आदत छोड़ें, शुक्रिया बोलें
ब्रह्माकुमारी शिवानी ने कहा कि हमें जीवन में किसी से कुछ नहीं चाहिए, बस सभी को दुआएं और सम्मान देने वाली आत्मा बनना है। सदैव अच्छा सोचें, सबके कल्याण का सोचें, जीवन में क्षमा करने के लिए हर समय तैयार रहना है। अपने मन को शिकायत की आदत से शुक्रिया की तरफ ले जाइए। अपने तन और मन का शुक्रिया अदा करें। अपने परिवार के सदस्यों का, संपर्क में आने वाले लोगों का, प्रकृति का शुक्रिया अदा करें।




