Bareilly: घर में टूटी मिलीं चूड़ियां, खेत में घसीटने के निशान, इस हाल में मिली विवाहिता की लाश, कांप गई रूह

पुआल में जलता मिला था विवाहिता का शव
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के थाना शाही क्षेत्र के खेऊ की गौंटिया गांव में महिला भीमवती की हत्या का जल्द ही खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस को उसके घर में टूटी चूड़ियां पड़ी मिली हैं। खेत में भी शव खींचने के निशान पाए गए हैं। भीमवती के पति नेपाल सिंह पर ही आरोप और शक की सुई टिकी है, जो अपने बयानों से लगातार पुलिस को उलझाने की कोशिश कर रहा है। उसे जेल भेजने की तैयारी है। हत्या के आरोप में वह पहले भी जेल जा चुका है।
शनिवार रात भीमवती की हत्या कर दी गई थी। उसका शव पुआल में जलता मिला था। हत्या की सूचना पर कुछ ही देर में गांव में भीड़ लग गई। जिस खेत में भीमवती का शव जली हालत में मिला वह गांव के शिवकुमार का है। नेपाल सिंह के घर से घटनास्थल करीब 400 मीटर दूर है। खेत में महिलाओं के बाल बांधने का क्लिप भी टूटा मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
पहले भी जेल जा चुका है पति
नेपाल सिंह के बारे में पुलिस ने जानकारी की तो पता लगा कि वह वर्ष 2001 में गांव के मेघनाथ की हत्या में जेल जा चुका है। बाद में उसे जमानत मिल गई थी। नेपाल सिंह ने पत्नी के लापता होने की सूचना ससुराल वालों को रात में नहीं दी थी। भीमवती के भाई दुनकी गांव निवासी हिम्मत राम के मुताबिक रविवार सुबह फोन कर नेपाल सिंह ने बताया कि आप लोग आ जाओ।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या, पुआल में जलाया शव; पुलिस ने पति को हिरासत में लिया



