Bareilly Factory Fire: लाशें निकलवा दो साहब…फैक्टरी वाले फिर नहीं घुसने देंगे; मृतकों के परिजनों का दर्द

घटनास्थल पर जुटे मृतकों के परिजन
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में अशोका फोम फैक्टरी में बुधवार रात भीषण आग लगने से चार कर्मचारियों की जलकर मौत हो गई। दो शव मिलने के बाद अन्य शवों के होने की आशंका देखकर ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। उन्होंने जमकर हंगामा किया। देर रात डीएम और एसएसपी मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें रोक लिया। दुश्वारी बताई तो एसएसपी ने सीओ को फैक्टरी में मलबा हटवाकर शवों के होने की स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया।
डीएम शिवाकांत द्विवेदी और एसएसपी प्रभाकर चौधरी रात 11 बजे करीब फोम फैक्टरी परिसर में अग्निकांड का हाल देखने पहुंचे। वहां उन्होंने प्रबंधन के लोगों व ग्रामीणों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मृतकों के परिवार ने फैक्टरी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि लगभग हर साल यहां आग लगती है। मजदूर मरते और घायल होते हैं, लेकिन फैक्टरी प्रबंधक को इससे फर्क नहीं पड़ता।
लोगों ने अन्य शव भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई। अधिकारियों से कहा कि आप लोगों के जाने के बाद सुबह प्रबंधन के लोग उन्हें अंदर घुसने भी नहीं देंगे। एसएसपी ने आश्वासन दिया कि ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट लिख ली जाएगी। उन्होंने सीओ फरीदपुर को निर्देश दिए कि पूरा मलबा दिखवाकर यह सुनिश्चित करके जाएं कि अंदर कोई और शव तो नहीं है।



