Bareilly: हजरत सकलैन मियां हुए सुपुर्द-ए-खाक, आखिरी सफर में उमड़ा चाहने वालों का सैलाब, हर आंख हुई नम

सकलैन मियां के जनाजे में उमड़ी भीड़
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के शाहाबाद स्थित हजरत शाह शराफत मियां की दरगाह पर सज्जादानशीन सकलैन मियां का आखिरी दीदार करने के लिए रविवार को उनके चाहने वालों का सैलाब उमड़ पड़ा। सकलैन मियां कादरी 54 साल तक खानकाह शराफतिया के सज्जादानशीन रहे। उनके बारे में कहा जाता है कि वह पैदाइश से ही रुहानियत के मालिक थे। शुक्रवार को उनका विसाल हो गया था। रविवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज के मैदान में सुबह 10 बजे नमाज-ए-जनाजा अदा की गई। इसके बाद उनको दरगाह परिसर में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
रविवार सुबह से ही सकलैन मियां के मुरीदों की भीड़ जुटने करने लगी थी। जैसे ही जनाजा नमाज के लिए इस्लामिया मैदान ले जाया जाने लगा, तमाम लोग जारो कतार रो पड़े और नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। हर तरफ रंजो गम की लहर थी। सभी अपने पीर के साथ छोड़कर चले जाने का मलाल किसी न किसी तरह व्यक्त कर रहे थे।

कोई कह रहा था मियां हुजूर हमें अनाथ कर गए, कोई बोला हुजूर इतनी जल्दी क्यों रुखसत हो गए हमें तो अभी ऐसी उम्मीद भी न थी। इस माहौल के बीच दरगाह शरीफ से जनाजा मनिहारों की गली, कुतुबखाना चौराहा होता हुआ जिला परिषद मार्ग से इस्लामिया मैदान पहुंचा। रास्ते भर हजारों अकीदतमंद किसी न किसी तरह से जनाजे के वाहन को छूकर अपने माथे से लगाने को बेचैन थे।



