Bareilly: सद्दाम से फहम लॉन के मालिक का कितना था याराना, रंगदारी मामले में अब इंस्पेक्टर क्राइम करेंगे विवेचना

सद्दाम
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
बरेली में फहम लॉन के मालिक, उसके बेटे और मैनेजर के खिलाफ सद्दाम की दोस्ती के दम पर रंगदारी मांगने के मामले में विवेचना बदल दी गई है। विवेचक पर उठ रही अंगुलियों के बाद आईजी ने नाराजगी जताई थी। सीओ तृतीय ने विवेचना दरोगा से हटाकर बारादरी थाने के इंस्पेक्टर क्राइम को दे दी है।
पूर्व विधायक व माफिया अशरफ जब तक बरेली जिला जेल में बंद रहा, उसका साला सद्दाम शहर में रसूखदारों से दोस्ती कर प्रयागराज की काली कमाई को प्रॉपर्टी व दूसरे धंधों में लगाता रहा। ऐसे ही एक मामले में काशीनाथ नाम के शख्स ने प्लॉट कब्जाने की कोशिश और सद्दाम का डर दिखाकर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने की रिपोर्ट बारादरी थाने में कराई थी। इसमें फहम लॉन के मालिक आरिफ, उसके बेटे व मैनेजर आदि को आरोपी बनाया गया था।
ये भी पढ़ें- Bareilly: घर में टूटी मिलीं चूड़ियां, खेत में घसीटने के निशान, इस हाल में मिली विवाहिता की लाश, कांप गई रूह
बताते हैं कि मामला दर्ज होने के बाद आरोपियों ने थाने आकर पुलिस की चाय पी और आराम से चले गए। इसकी शिकायत के बाद आईजी ने सीओ तृतीय अनीता चौहान को निष्पक्ष विवेचना कराने का निर्देश दिया था। सीओ ने विवेचना दरोगा रामकिशन से हटाकर क्राइम इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार को सौंप दी है। सीओ ने बताया कि मामला गंभीर था, इसलिए इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी को विवेचना दी गई है।



