Bareilly Nagar Nigam Result Live: किसके सिर सजेगा जीत का ताज, फैसला आज; बरेली मंडल में आठ बजे से मतगणना
06:04 AM, 13-May-2023
लखीमपुर खीरी में छह जगहों पर होगी मतगणना
लखीमपुर खीरी जिले में चार नगर पालिकाएं और आठ नगर पंचायतें हैं। इनके लिए 12 अध्यक्ष और 215 सदस्यों को चुनने के लिए चार मई को मतदान हुआ था। अध्यक्ष पद के लिए 100 और सदस्य पद के 1263 प्रत्याशी हैं। चार मई को हुए मतदान में 444799 के मतदाताओं में से 246147 वोटरों ने मतदान किया था। मतदाताओं ने किसके पक्ष में वोट किए, इसका फैसला आज होगा। लखीमपुर की मंडी समिति समेत छह जगहों पर मतगणना होगी।
06:01 AM, 13-May-2023
यहां होगी मतगणना
बदायूं मंडी समिति में नगर पालिका परिषद बदायूं, नगर पालिका परिषद ककराला, नगर पंचायत सखानू, नगर पंचायत गुलड़िया और नगर पंचायत कुंवरगांव की मतगणना
दातागंज में नगर पालिका परिषद दातागंज, नगर पंचायत उसावां, नगर पंचायत उसहैत, नगर पंचायत अलापुर की मतगणना
बिसौली में नगर पालिका परिषद बिसौली, नगर पंचायत वजीरगंज, नगर पंचायत सैदपुर, नगर पंचायत मुड़िया धुरेकी, नगर पंचायत फैजगंज की मतगणना होगी।
बिल्सी में नगर पालिका परिषद बिल्सी, नगर पंचायत इस्लामनगर, नगर पंचायत रुदायन की मतगणना
सहसवान में नगर पालिका परिषद सहसवान, नगर पंचायत दहगवां की मतगणना
उझानी में नगर पालिका परिषद उझानी और नगर पंचायत कछला की मतगणना
05:59 AM, 13-May-2023
बदायूं के छह स्थानों पर मतगणना
बदायूं जिले में छह स्थानों पर मतगणना होगी। शहर में मंडी समिति तो उझानी, बिल्सी, बिसौली, दातागंज और सहसवान में मतगणना स्थल बनाए गए हैं। जिले में नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के 167 प्रत्याशी और 1429 वार्ड सदस्य प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है। जिला प्रशासन ने मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी प्रत्याशियों की ओर से एजेंट बनाए गए हैं। उन्हें पास भी जारी किए गए हैं। मतगणना स्थल पर भी सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
05:58 AM, 13-May-2023
पीलीभीत में 1074 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज
पीलीभीत जिले की तीन नगर पालिकाओं एवं सात नगर पंचायतों के लिए अध्यक्षों और सभासद पद के 1074 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज होगा। पांच स्थानों पर सुबह आठ बजे से पांच स्थानों पर 150 टेबिलों पर मतगणना का कार्य शुरू होगा। अध्यक्ष एवं सदस्य पद के लिए अलग-अलग टेबिलों पर मतगणना होगी। हर टेबिल पर पांच कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। हर राउंड के बाद रुझानों की घोषणा की जाएगी।
05:54 AM, 13-May-2023
जीएफ कॉलेज में नगर निगम की मतगणना
शाहजहांपुर में पांच जगहों पर मतगणना स्थल बनाए गए हैं। नगर निगम और कांट नगर पंचायत की मतगणना जीएफ कॉलेज में है। नगर पालिका जलालाबाद की मतगणना मंडी समिति में होगी। यहां पर जलालाबाद के अलावा अल्हागंज नगर पंचायत की मतगणना होगी। इसमें अध्यक्ष और सदस्य पद के लिए 12-12 टेबल लगाई गईं हैं। पुवायां इंटर कॉलेज में पुवायां नगर पालिका, खुटार और बंडा नगर पंचायत की मतगणना होगी। तिलहर मंडी समिति में तिलहर नगर पालिका की मतगणना के लिए 13-13 टेबल लगाई गईं हैं। यहीं पर कटरा और खुदागंज नगर पंचायत की मतगणना होगी। कलान नगर पंचायत की मतगणना कलान तहसील में होगी।
05:47 AM, 13-May-2023
मेयर के लिए आठ प्रत्याशी
शाहजहांपुर नगर निगम में महापौर के लिए आठ प्रत्याशी मैदान में थे। 60 वार्डों के लिए 404 प्रत्याशी हैं। पुवायां नगर पालिका में अध्यक्ष के लिए 11 और सभासद के लिए 111, तिलहर नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए पांच और सभासद के लिए 146 और जलालाबाद नगर पालिका में अध्यक्ष के लिए 18 और सभासद पद के लिए 118 प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया है। कलान नगर पंचायत में अध्यक्ष के लिए 24, सदस्य के लिए 88, खुदागंज में अध्यक्ष के लिए दो और सदस्य के लिए 49, खुटार में अध्यक्ष के लिए 14 और सदस्य के लिए 68, बंडा में अध्यक्ष के लिए 13 और सदस्य के लिए 140 दावेदारों ने चुनाव लड़ा है।
05:44 AM, 13-May-2023
शाहजहांपुर को मिलेगा पहला मेयर
शाहजहांपुर को शनिवार दोपहर बाद पहला मेयर मिल जाएगा। मतगणना से कुल 1705 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। 259 पदों के लिए बृहस्पतिवार को मतदान हुआ था। मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। बंडा, निगोही और कलान नगर पंचायत की कुर्सी पर पहली दफा कौन बैठेगा, यह भी साफ हो जाएगा।
05:40 AM, 13-May-2023
23 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
मतदान के बाद ईवीएम और मतपेटिकाएं स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं। निगरानी के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक परसाखेड़ा स्ट्रांग रूम की निगरानी में पीएसी तैनात है। बरेली कॉलेज समेत अन्य स्ट्रांग रूम की निगरानी पुलिस बल कर रहा है। इसके अलावा परसाखेड़ा स्ट्रांग में 23 सीसीटीवी कैमरे और 12 वीडियोग्राफर की निगरानी में मतगणना की जाएगी।
05:39 AM, 13-May-2023
20 राउंड तक होगी नगर निगम की मतगणना
बरेली नगर निगम के 80 वार्ड का परिणाम सामने आने पर ही मेयर की जीत की घोषणा होगी। एडीएम प्रशासन ने बताया कि नगर निगम के मेयर और पार्षद पद के चुनाव में 1305 ईवीएम इस्तेमाल की गईं। 32-32 टेबल पर एक साथ गणना शुरू होगी। मतगणना 20 राउंड में पूरी होने की उम्मीद है। प्रत्येक राउंड आधे घंटे का होगा। नगर पालिका और नगर पंचायतों की मतगणना 28 राउंड में पूरी होगी। मगर 23 राउंड तक 90 फीसदी वार्ड के विजेता घोषित होंगे।
05:28 AM, 13-May-2023
Bareilly Nagar Nigam Result Live: किसके सिर सजेगा जीत का ताज, फैसला आज; बरेली मंडल में आठ बजे से मतगणना
बरेली जिले में सुबह आठ बजे से सात जगहों पर मतगणना शुरू होगी। इसके लिए शुक्रवार देर शाम तक तैयारियां होती रहीं। निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक सुबह करीब 11 बजे से पार्षद, सदस्य का और दोपहर एक बजे से नगर पालिका व पंचायत अध्यक्ष के परिणाम जारी होने लगेंगे। मेयर पद के विजेता की घोषणा शाम सात बजे तक हो सकती है।
एडीएम प्रशासन ऋतु पूनिया के मुताबिक सबसे पहले मतपत्र और फिर ईवीएम से मतगणना शुरू होगी। मेयर और पार्षद के चुनाव ईवीएम से हुए थे। मेयर और पार्षद के मतों की गणना के लिए 64 टेबल परसाखेड़ा के स्ट्रांग रूम में लगाई गई हैं। प्रत्येक टेबल को दो टेबल जोड़कर बनाया गया है। एक टेबल पर मेयर तो दूसरे पर पार्षद पद के मतों की गणना होगी।