Bareilly News: दस फीडरों पर कटौती से 1.5 लाख लोगों की नींद उड़ी
बरेली। सीबीगंज में ट्रांसमिशन का 132 केवी सब स्टेशन ओवरलोड होने से मढ़ीनाथ और सुभाषनगर में रात में आपात कटौती हो रही है। 30 हजार घरों की बिजली रात में किसी भी समय एक-एक घंटे के लिए दो बार काटी जा रही है। किस फीडर पर कब कटौती होगी, इसकी जानकारी पहले से नहीं दी जाती है। इसलिए दो सब स्टेशनों के दस फीडरों के अंतर्गत आने वाले 20 मोहल्लों के 1.5 लाख से अधिक लोगों की नींद तीन रातों से खराब हो रही है।
सीबीगंज के 132 केवी सब स्टेशन से सुभाषनगर और मढ़ीनाथ स्थित 33 केवी सब स्टेशनों को बिजली मिलती है। दोनों सब स्टेशनों में 11 केवी के 10 फीडर हैं, जिसमें 30 हजार उपभोक्ता आते हैं। सीबीगंज में 63 एमवीए व 40 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। कुल क्षमता 103 एमवीए है, लेकिन 14 जून को गर्मी बढ़ने से लोड बढ़कर 115-120 एमवीए पहुंच गया है।
इसलिए पारेषण के अधिशासी अभियंता ने वितरण के अधिशासी अभियंता से दोनों सब स्टेशनों पर शाम 7 से रात में 3 बजे के बीच विभिन्न फीडरों पर एक-एक घंटे की आपात कटौती करके लोड मैनेज करने को कहा है। इसके बाद दोनों सब स्टेशनों के 20 से अधिक मोहल्लों में रात में आपात कटौती शुरू हुई है। जनता खामियाजा भुगत रही है।
ओवरलोडिंग से इन फीडरों पर हो रही कटौती
फीडर का नाम प्रभावित आबादी
बीडीए प्रथम 25,000
बीडीए प्रथम 22,500
बदायूं रोड 15,000
नेकपुर 15,000
तिलक कॉलोनी 12,000
रैन बसेरा 4,500
मढ़ीनाथ 25,000
पाॅल कॉलोनी 2,550
शांति विहार 7,550
सितंबर 2022 में मंजूर हुआ था 63 एमवीए का ट्रांसफार्मर, अब तक नहीं लगा
सीबीगंज सब स्टेशन में 63 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाकर क्षमता को बढ़ाकर 166 एमवीए करने के लिए सितंबर 2022 में 4.75 करोड़ रुपये का प्रस्ताव मंजूर हुआ था। ट्रांसफार्मर के लिए ऑर्डर जारी हो गए। सब स्टेशन पर ट्रांसफार्मर रखने के लिए सीमेंट का आधार भी तैयार है, लेकिन ट्रांसफार्मर की आपूर्ति नहीं हुई। इस बीच लोड बढ़ने का असर आपूर्ति पर दिखने लगा है। विद्युत पारेषण के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि ट्रासंफार्मर आवंटन न होने से देरी हो गई। वैसे चबूतरा तैयार है। ट्रांसफार्मर को सब स्टेशन से जोड़ने के लिए रास्ता भी तैयार कर लिया गया है।
खराब हो रही नींद, पढ़ाई पर भी असरदावा भले ही 24 घंटे आपूर्ति का हो, लेकिन हकीकत में गर्मी बढ़ने के साथ रात में कटौती शुरू हो गई है। नींद खराब होने के साथ ही पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। – शिवानी पटेल, छात्रा, वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी राजकीय महिला महाविद्यालय
15 दिन से रात में हो रही बिजली कटौती
मेरे मोहल्ले में रात में बिजली गुल हो जाती है। दिन भर की थकान के बाद जैसे ही नींद आती है, बिजली चली जाती है। गर्मी से नींद खुल जाती है। 15 दिन से यही हाल है। – सुनील कुमार वाल्मीकि, पूर्व पार्षद, नेकपुर
अलीगंज, रहटुइया को डबल ग्रुप आपूर्ति दिए जाने का प्रस्ताव
अलीगंज, रहटुइया के 33 केवी सब स्टेशनों के फीडरों पर शेड्यूल धड़ाम हो गया है। आपूर्ति 18 घंटे नहीं मिल रही है। इसलिए अब डबल ग्रुप आपूर्ति के लिए मुख्य अभियंता ने मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्यालय को लिखा है। सात दिनों में अनुमति मिलने की उम्मीद है। डबल ग्रुप आपूर्ति मिलने पर किसी भी फीडर पर आपात कटौती नहीं होगी। शेड्यूल के मुताबिक बिजली मिलेगी।



