बरेली

Bareilly News: हरुनगला में बार-बार फॉल्ट, उबल रहे 14 हजार उपभोक्ता

Connect News 24

बरेली। हरुनगला सब स्टेशन और यहां पर आने वाली 33 केवी बिजली लाइन में फाॅल्ट से तीन दिन में कई बार बिजली आपूर्ति बाधित हुई। 14 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा। अफसर आश्वासन देते रहे पर उपभोक्ताओं को गर्मी में पसीना बहाना पड़ा। गर्मी शुरू होने से पहले मुख्य अभियंता राजीव कुमार शर्मा ने सिस्टम ठीक कराए जाने का दावा किया था, लेकिन सब स्टेशन की क्षमता नहीं बढ़ी। जर्जर लाइनें भी नहीं बदली जा सकीं। अभियंता केवल प्लान बनाने और टेंडर कराने तक ही सीमित रहे।

पवन विहार, सुपर सिटी, टीपी नगर, रामगंगा, गोल्डन ग्रीन इलाके के 14 हजार उपभोक्ता गर्मी में बार-बार ट्रिपिंग झेल रहे हैं। 18 मई की रात नौ बजे सब स्टेशन पर पुराना सर्किट ब्रेकर फुंकने से आपूर्ति ठप हो गई। बताया जा रहा है कि पुराने सिस्टम पर लोड बढ़ने से फ्लैशओवर हुआ। 50 हजार से अधिक लोगों नींद खराब हो गई। रात दो बजे के बाद आपूर्ति चालू हो सकी। 19 मई को दोपहर एक बजे से दो बजे तक आपूर्ति ठप रही। जैसे-तैसे दिन में आपूर्ति बहाल हुई तो शाम सात बजे एक बार फिर बत्ती गुल हो गई। रात नौ बजे तक अंधेरा छाया रहा। ओवरलोडिंग के चलते 20 मई को भी आपूर्ति प्रभावित रही।

नहीं लगा पांच एमवीए का नया ट्रांसफार्मर

हरुनगला सब स्टेशन पर पांच एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाना था। इसके लिए मार्च में मंजूरी मिली थी पर अभी तक काम शुरू नहीं हो सका। इसके चलते लोग पसीना बहा रहे हैं। एक साथ सभी फीडर चलाने पर आपूर्ति प्रभावित होती है। अधिशासी अभियंता गौरव शुक्ला ने बताया कि जल्दी ही आपूर्ति में सुधार नजर आएगा।

फीडर का भी बंटवारा नहीं हो सका

हरुनगला सब स्टेशन के दो फीडर टीपी नगर और गोल्डन सिटी को राधा माधव सब स्टेशन से जोड़ा जाना था। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया गया, लेकिन इस पर अमल अभी तक नहीं हो सका। अगर गर्मी से पहले प्रस्ताव पर अमल हो जाता तो लोड बढ़ने पर कटौती की नौबत नहीं आती।

उपभोक्ताओं का दर्द

मेरे घर में स्मार्ट मीटर लगा है। बिल जमा होने के बाद भी 12 घंटे तक बिजली नहीं जुड़ी। सब स्टेशन आए तब आपूर्ति बहाल हो सकी। – लता पाठक, हरुनगला

ओवरलोडिंग से आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित होती है। गर्मी के साथ संकट गहरा गया है। हरुनगला में 24 घंटे आपूर्ति नहीं मिल रही है। – समीम, हरुनगला

मीटर स्मार्ट पर आपूर्ति का पता नहीं

हरुनगला, सुभाषनगर, सिविल लाइंस में 55 हजार उपभोक्ताओं के घर स्मार्ट मीटर लग गए पर आपूर्ति स्मार्ट नहीं हुई। दो महीने में कई मौके ऐसे आए जब बिल जमा होने के बाद भी तमाम उपभोक्ताओं के घर की बिजली काट दी गई। बिल जमा होने के बाद ऑटोमैटिक तरीके से कनेक्शन जुड़ने का सिस्टम फेल हो चुका है। बिल जमा करने के बाद उपभोक्ता या उसके परिवार का कोई सदस्य जब तक सब स्टेशन या एसडीओ कार्यालय नहीं पहुंचता, बिजली नहीं जुड़ती। इसके चलते उपभोक्ताओं को घंटों भागदौड़ करनी पड़ रही है। अधिशासी अभियंता गौरव शुक्ला ने बताया कि उनके क्षेत्र में 22 हजार स्मार्ट मीटर लगे हैं। सिस्टम अपडेट होने की वजह से समस्या आ रही है। आने वाले कुछ दिनों में स्थिति ठीक हो जाएगी।

सर्किट ब्रेकर बदलने के लिए मैंने परीक्षण खंड के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजा है। उम्मीद है जल्दी ही काम हो जाएगा। – गौरव शुक्ला, अधिशासी अभियंता


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button