Bareilly News: धूप और गर्म हवा से लाल हो रहीं आंखें , नहीं रुक रहा पानी
बरेली। तप रहा मौसम अब लोगों की आंखों को प्रभावित कर रहा है। नेत्र रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में मरीजों की कतार लग रही है। लाल हो रही आंखों से पानी निकलने की समस्या बढ़ गई है। ऐसे में मरीजों को आई ड्रॉप और दवा के साथ ही बचाव का सुझाव भी चिकित्सक दे रहे हैं।
शहर का तापमान 40 डिग्री के करीब दर्ज हो रहा है। हवा से नमी गायब हो चुकी है। ऐसे में गर्म हवा झुलसा रही हैं। अब आंखें भी प्रभावित होने लगी हैं। तीन सौ बेड अस्पताल में चल रही नेत्र रोग की ओपीडी में हर दिन सौ से ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं।
इसमें से ज्यादातर आंखों के लाल होने, पानी निकलने या दर्द और खिंचाव की समस्या बता रहे हैं। अस्पताल प्रभारी डॉ. अकीक के मुताबिक बच्चों के साथ ही, बड़े भी कंजेक्टिवाइटिस की चपेट में आ रहे हैं। इसकी वजह पराबैंगनी किरणें हैं, जो आंखों को प्रभावित कर रही हैं।
इन किरणों की वजह से आंखें लाल, उनमें एलर्जी आदि की समस्या हो रही है। वहीं, सर्द-गर्म का संक्रमण भी आंखों को प्रभावित कर रहा है। इसका असर करीब पांच दिनों तक आंखों पर रहता है। आई ड्रॉप और दवा सेवन के बाद समस्या धीरे-धीरे खत्म हो जाती है।
बच्चा वार्ड में बढ़ाए गए चार और बेड
बच्चों के डायरिया और डिहाईड्रेशन के चपेट में आने के बढ़ रहे मामले पर अब एडीएसआईसी डॉ. अलका शर्मा ने बच्चा वार्ड में चार और बेड बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। बताया कि वार्ड का बंद एक कक्ष खुलवाकर उसमें चार बेड डाले जाएंगे। ताकि इलाज के लिए पहुंचने वाले बच्चों को कोई परेशानी न हो सके। कहा कि अस्पताल में दवाएं, वैक्सीन और ओआरएस घोल उपलब्ध है।
आंखें लाल होना, पानी निकलना, बार-बार खुजली होना, कीचड़ आना, दर्द होना प्रमुख लक्षण हैं। इससे बचाव के लिए संक्रमित व्यक्ति की तौलिया और रूमाल का प्रयोग न करें। बार-बार ताजे पानी से आंखों को धोते रहें। धूप में घर से बाहर नहीं निकलें। तकलीफ होने पर चिकित्सक से परामर्श लेकर ही आईड्रॉप का प्रयोग करें या दवा खाएं।


