Bareilly News: जिले के 426 स्कूलों में 15 हजार बच्चों ने दी राज्य शैक्षिक उपलब्धता सर्वेक्षण परीक्षा

परीक्षा देते बच्चे ।
पीलीभीत। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के निर्देश पर जिले के 426 निजी व सरकारी विद्यालयों में शुक्रवार को राज्य शैक्षिक उपलब्धता सर्वेक्षण परीक्षा कराई गई। इसमें 15 हजार से अधिक बच्चे बैठे। अफसरों ने निरीक्षण कर परीक्षा का जायजा लिया।
परीक्षा में कक्षा तीन, छह और नौ के बच्चों का हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और गणित के ज्ञान का आंकलन किया गया। डायट प्राचार्य महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बच्चों के इस आंकलन के आधार पर एनसीईआरटी के एक्सपर्ट पाठ्यक्रम तैयार करेंगे। परीक्षा के माध्यम से पता चलेगा कि बच्चों को कौन सा विषय आसान और कौन सा कठिन लगता है। बच्चा किस विषय में कमजोर और किसमें होशियार है। इसी आधार पर एनसीईआरटी के एक्सपर्ट अगला पाठ्यक्रम तैयार करेंगे। परीक्षा में शुचिता बनाए रखने के लिए चयनित विद्यालयों में विभाग की ओर से नोडल अध्यापकों की तैनाती की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष बच्चों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।
विभागीय अफसरों ने कई कॉलेजों का किया निरीक्षण
बीसलपुर। राज्य शैक्षिक उपलब्धता सर्वेक्षण परीक्षा का आयोजन किया गया। विभागीय अफसरों ने कई कॉलेजों में पहुंचकर निरीक्षण किया। परीक्षा के बाद खंड शिक्षाधिकारी नीरज शुक्ला ने सभी उत्तर पुस्तिकाएं संस्थानों व कार्यालय में जमा करा दीं। बीईओ ने बताया कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में परीक्षाएं सकुशल कराई गई। संवाद

परीक्षा देते बच्चे ।



