Bareilly News: बदइंतजामी का जाम, बवाल-ए-जान
बरेली। सेटेलाइट चौराहे पर बृहस्पतिवार दोपहर ट्रैफिक पुलिस की बदइंतजामी की वजह से भीषण जाम लग गया। टेंपो-ऑटो और अन्य वाहन जहां के तहां फंस गए। लोगों को बीच रास्ते उतरकर आधा से एक किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा। जाम से निजात दिलाने के लिए पुल के ऊपर से वाहन निकालने के लिए जो तरकीब अपनाई गई, वह लोगों के लिए और बवाले जान हो गई। करीब दो घंटे तक लोग 35 डिग्री तापमान में वाहनों में फंसकर और पैदल चलकर पसीने से तरबतर होते रहे। बच्चों और सामान के साथ यात्रा कर रही महिलाएं और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हुए।
दरअसल, बृहस्पतिवार सुबह एसपी ट्रैफिक राममोहन सिंह सेटेलाइट चौराहा पहुंचे। वहां बेतरतीब खड़े टेंपो-ऑटो और डग्गामार वाहनों को देखकर चौकी प्रभारी रामरतन सिंह और यातायात पुलिस से नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल अवैध तरीके से खड़े और दौड़ रहे वाहनों की चेकिंग और धरपकड़ के निर्देश दिए। एसपी ट्रैफिक के जाते ही पुलिसकर्मियों ने बिना किसी प्लानिंग के ईसाई पुलिया समेत आसपास के सभी रास्तों पर चेकिंग शुरू कर दी। इससे वाहनों की रफ्तार रुक गई। आधे घंटे में ही सेटेलाइट चौराहे पर सभी दिशा से आने वाले वाहन फंस गए।
जाम न खुलता देखकर यातायात प्रबंधन के लिए पुलिस ने नया कारनामा किया। शहर से सेटेलाइट की ओर जा रहे टेंपो व अन्य वाहनों को पुल के ऊपर निकलवाना शुरू किया। वहां से मुड़कर वाहन दूसरे रास्तों पर निकले तो सामने से आ रहे वाहनों की वजह से फंस गए। कुछ वाहनों को पुल से उतरने से पहले ही रोककर वापस कर दिया गया। इससे हालात और बिगड़ गए। कई वाहन कटरा चांद खां की गलियों में दौड़ते नजर आए। इससे लोगों को मुसीबत झेलनी पड़ी।
बुजुर्गों और महिलाओं को तपिश में जूझना पड़ा
पुलिस ने टेंपो और ऑटो को जलेबी की तरह गोल-गोल घुमाया। कई टेंपो चौराहे से दो सौ मीटर दूर ही रोककर वापस कर दिए गए। ईसाई पुलिया पर टेंपो से उतरे बुजुर्ग व बीमार लोग धूप में पैदल पहले सेटेलाइट चौराहे तक गए। फिर वहां से पीलीभीत या शाहजहांपुर रोड पर उतने ही आगे बढ़कर उस दिशा को वापस लौट रहे टेंपो में बैठे। लोगों के चेहरे उदास और थके नजर आ रहे थे।
मोबाइल पर व्यस्त रहीं महिला पुलिसकर्मी, चौपुला पुल पर भी बुरा हाल
चौपुला पर भी किला दिशा के वाहनों को पुल के नीचे न गुजारने का निर्देश दिया गया है। ऐसे में वहां भी लोगों को वाहनों में बैठने और उतरने के लिए काफी दूर तक जाना पड़ा। इस बीच, चौपुला के आसपास ड्यूटी पर लगाई गईं महिला पुलिसकर्मी मोबाइल में व्यस्त नजर आईं। पुरुष पुलिस कर्मियों ने ही स्थिति संभाली।
वर्जन
सेटेलाइट स्टैंड के आसपास चेकिंग कराई गई थी। हालांकि कोई डायवर्जन या नई व्यवस्था वहां लागू नहीं की गई। हमने निरीक्षण किया तो स्थिति बिल्कुल ठीक थी। इसके बाद क्यों खराब हुई इसका पता कराया जाएगा।
– राममोहन सिंह, एसपी ट्रैफिक



