Bareilly News: 7.90 करोड़ की लागत से सिटी स्टेशन के कायाकल्प का काम शुरू
बरेली। इज्जतनगर रेल मंडल ने अमृत भारत योजना के तहत कई प्रमुख स्टेशनों के कायाकल्प का काम शुरू करा दिया है। बरेली सिटी स्टेशन पर भी काम शुरू हो गया है। इसके कायाकल्प पर 7.90 करोड़ खर्च किए जाएंगे। काम की वजह से इन दिनों सिटी स्टेशन पर चार जोड़ी ट्रेनों का ठहराव भी बंद कर दिया गया है।
सिटी स्टेशन से रोज नौ ट्रेनों का संचालन और अप-डाउन 30 ट्रेनों का ठहराव होता है। स्टेशन को इंटरलॉकिंग प्रणाली से लैस करने का काम पहले ही पूरा हो चुका है। सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं। प्लेटफार्म नंबर एक से चार तक स्वचालित सीढ़ियां व सर्कुलेटिंग एरिया में हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। स्टेशन भवन को आधुनिक बनाने के साथ बेहतर पार्किंग व्यवस्था और ड्रिप प्रणाली पर आधारित हरित पट्टिका भी बनाई जाएगी। स्टेशन परिसर को सौर ऊर्जा पैनलों से भी लैस किया जाएगा।
सर्विलांस प्रणाली से लैस होंगे सिटी समेत कई स्टेशन
बरेली सिटी स्टेशन के साथ ही मंडल के इज्जतनगर, काशीपुर, काठगोदाम, हल्द्वानी, पीलीभीत, टनकपुर, कासगंज, बदायूं, किच्छा स्टेशनों को सर्विलांस प्रणाली से जोड़ने का काम शुरू हो गया है। रेलवे क्रॉसिंगों को सौर ऊर्जा प्रणाली से लैस किया जा चुका है। रेलवे स्टेशनों को भी पूरी तरह से सौर ऊर्जा प्रणाली से लैस करने पर काम चल रहा है। अमृत भारत योजना के तहत 5.53 करोड़ रुपये से बहेड़ी स्टेशन का भी विकास कराया जा रहा है।
बरेली सिटी समेत अन्य स्टेशनों पर भी अमृत भारत योजना के तहत काम शुरू करा दिए गए हैं। मंडल के सभी स्टेशन जल्द नए कलेवर में नजर आएंगे।- राजेंद्र सिंह, पीआरओ, इज्जतनगर रेल मंडल



