Bareilly News: ई-रिक्शा में बैठे युवक पर नकाबपोश बाइक सवार ने फेंका तेजाब, गंभीर रूप से झुलसा

एंबुलेंस से युवक को लाया गया अस्पताल
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के बहेड़ी में हाईवे पर बृहस्पतिवार रात मंडनपुर गांव के पास ई-रिक्शा में बैठे युवक पर बाइक सवार ने तेजाब फेंक दिया। हमले में वह झुलस गया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। जिला अस्पताल में युवक का इलाज चल रहा है। झुलसे युवक के पिता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
कस्बे के मोहल्ला लोधीपुर निवासी नाजिम ने बताया कि वह किच्छा में वेल्डिंग का काम करता है। बृहस्पतिवार रात वह ई-रिक्शा में बैठकर घर लौट रहा था। मंडनपुर गांव के पास मुंह पर कपड़ा बांधकर आए एक बाइक सवार ने तेजाब फेंक दिया। जलन होने पर वह चीखने लगा। इस बीच आरोपी फरार हो गया।
ये भी पढ़ें- पति नपुंसक है: सुहागरात पर मुझसे दूरी बना ली थी, शादी के तीन माह बाद दुल्हन का खुलासा, दूल्हे ने वीडियो साले..
ई-रिक्शा चालक ने उसे घर पहुंचाया। तुरंत ही परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर बहेड़ी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक कराए जा रहे हैं। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।


