Shahjahanpur News: रुद्रपुर में दंपती की हत्या करने वाला युवक रामपुर से गिरफ्तार
पुवायां (शाहजाहंपुर)। एक तरफा प्यार में उत्तराखंड के रुद्रपुर में दंपती की हत्या करने के आरोपी युवक जगदीश उर्फ राजकमल को बृहस्पतिवार को पुलिस ने रामपुर से धर दबोचा। वह अंबाला जाने की फिराक में था।
पुवायां के गांव अनावां का जगदीश उर्फ राजकमल कई वर्ष से ऊधमसिंह नगर में रहकर राज मिस्त्री, बेल्डिंग आदि का काम करता था। तीन अगस्त की तड़के जगदीश ने रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप वार्ड सात शिवनगर निवासी संजय की घर में घुस धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। इसके बाद जगदीश ने दूसरे कमरे में सो रही संजय की पत्नी सोनाली पर भी चाकू से कई प्रहार कर हत्या कर दी थी। जगदीश के भागने के दौरान आहट होने पर सोनाली की मां गौरी मंडल ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने उन्हें भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस जगदीश की तलाश में जुटी थी। उसने जनसेवा केंद्रों से अपने बैंक खाते से रुपये निकाले, इससे पुलिस को उसकी लोकेशन मिलती रही। जगदीश दिल्ली होते हुए अंबाला भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे रामपुर से ही पकड़ लिया। जगदीश ने बताया कि संजय के घर के पास किराये पर रहने के दौरान वह सोनाली से प्यार करने लगा था और उसे पत्नी के रूप में देखता था। सोनाली उसे नहीं चाहती थी। उसने एक बार सोनाली को मोबाइल, गुलदस्ता भिजवाया तो सोनाली ने सिम तोड़कर फेंक दिया। तभी से वह संजय और सोनाली से खुन्नस मानने लगा था। उसने मन में सोचा कि सोनाली उसकी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं हो सकती। इसी सनक में उसने मौका पाकर संजय और सोनाली की हत्या कर दी थी और भाग निकला था। वह अंबाला जाकर काम करना चाहता था, लेकिन पुलिस ने पहले ही पकड़ लिया।
15 दिन में एक बार नहाता है, नहीं था कोई स्थायी ठिकाना
जगदीश उर्फ राजकमल ने पुलिस को बताया कि काम करने के बाद किसी मंदिर या खाली जगह पर सो जाता था। उसका कोई स्थायी ठिकाना नहीं है। पहले वह संजय के घर के सामने किराये पर रहता था। कुछ दिन के लिए दिल्ली जाने के बाद वापस आने पर उसे संजय के घर के पास कमरा नहीं मिला था। हत्या के दिन पहने कपड़े वह गिरफ्तारी के समय भी पहने था। किसी के पूछने पर खून के दाग को पान की पीक बता देता था। जगदीश ने पुलिस को बताया कि देर शाम तक काम करने के कारण वह 15 दिन में एक बार ही नहाता था।